नवांशहर में महिला क्रिकेट टीम बनने के पहले साल ही बड़ी सफलता मिली है। जिले की पांच बच्चियों को जहां जालंधर जोन की टीम में खेलने की जगह मिली है, वहीं गांव नौरा की मुस्कान (लेफ्ट आर्म स्पिनर व बल्लेबाज) को अंडर-16 स्टेट कैंप के लिए चुना गया है। अब मुस्कान के स्टेट टीम में चुने जाने की प्रबल संभावना है।
नवांशहर डिस्ट्रिक्ट किक्रेट एसोसिएशन के सेक्रेटरी पीके सरीन और सीनियर वाइस प्रधान एडवोकेट राकेश जोशी ने बताया कि बढ़िया गेंदबाज व बल्लेबाज मुस्कान को पिछले दिनों जालंधर जोन की टीम में भी चुना गया था और इसी जोन के मैच में उसके प्रदर्शन को देखते हुए मुस्कान को स्टेट कैंप के लिए चुना गया है। मुस्कान के पिता बलदेव कृष्ण सोगी गांव नौरा के सरपंच हैं। उन्होंने बताया कि कैंब्रिज स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती मुस्कान को अपने भाई व बहन को खेलते हुए देखकर क्रिकेट का शौक पैदा हुआ, जिसे एनडीसीए की आरके आर्य कालेज में चल रही अकादमी ने और निखारा। मुस्कान की पसंदीदा खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर हैं और वह भी आगे चल कर देश के लिए क्रिकेट खेलना चाहती है।
मुस्कान
आर्य कालेज में कैंप के दौरान बालिंग की प्रेक्टिस करती मुस्कान।