जिला मुख्य खेतीबाड़ी अफसर डा. गुरबख्श सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार किसान 20 मई से धान की पनीरी लगा सकेंगे तथा 20 जून से धान की पनीरी खेतों में रोप सकेंगे। उन्होंने बताया कि पंजाब में पानी का जमीनी स्तर काफी नीचे जा चुका है। इसे और नीचे जाने से रोकने के लिए पंजाब सरकार द्वारा पंजाब प्रिजर्वेशन ऑफ सब सुआइल वाटर एक्ट 2009 में 19 अप्रैल 2018 को किए गए संशोधन नोटीफिकेशन के अनुसार धान की पनीरी लगाने तथा पनीरी खेतों में रोपने के लिए यह संशोधन किया गया है। इस समय पानी की काफी कमी महसूस की जा रही है। लगातार नहरों व डैमो में पानी कम होता जा रहा है। पानी के स्तर को बरकरार रखने के लिए पंजाब सरकार द्वारा उक्त तिथियां तय की गई है। उन्होंने किसानों से पंजाब सरकार के इन आदेशों का पालन करने की अपील की है ताकि पानी को बचाया जा सके और फसल भी अच्छी हो सके।