कोपरा नवापारा. बरगद के पेड़ पर दूध बहाते हुए उत्पादक किसान।
दुग्ध महासंघ रविवार को करेगा कृषिमंत्री से बात
भास्कर न्यूज | कोपरा नवापारा
ग्राम अतरमरा व पोंड के बाद अब ग्राम कुंडेल के दूध उत्पादन करने वाले किसानों ने दुग्ध महासंघ द्वारा दूध नहीं लेने पर 150 लीटर दूध बरगद पेड़ को चढ़ाकर बहा दिया। इस संबंध में दुग्ध महासंघ के जिलाध्यक्ष सोमप्रकाश साहू ने बताया कि पहले 26 डिग्री गुणवत्ता वाले दूध को ले रहे थे, लेकिन अचानक 26 से बढ़ाकर 28 डिग्री कर दिया गया है। इसके कारण कई किसानों का दूध वापस हो जा रहा है। इस संबंध में प्रतिनिधि मंडल रविवार को कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से मिलकर बात करेगा।
दूध उत्पादक किसान रुद्र सिंह सिन्हा, पूरण साहू, हरिराम साहू, भूषण मंडल आदि ने बताया कि जब से शासन द्वारा दुग्ध महासंघ के माध्यम से दूध खरीदना शुरू किया है, तब से हम किसानों द्वारा दुग्ध सोसायटी में दूध बेचते आ रहे हैं, लेकिन कुछ दिन पहले महासंघ द्वारा दूध की गुणवत्ता सही नहीं है, का बहाना बनाकर दूध नहीं खरीदा जा रहा है। जबकि पहले की तरह ही दूध में गुणवत्ता है। वहीं महासंघ द्वारा समिति बंद करने की भी बात कही जा रही है। हम लोगों का दूध नहीं खरीदा तो हमारी रोजी छिन जाएगी। दूध उत्पादन के लिए जो लोन लिए हैं, उसे भी पटा नहीं पाएंगे।