घोषणा-पत्र के वादे अनुसार मांगें पूरी करे सरकार, नहीं तो होगा आंदोलन
राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ एवं छत्तीसगढ़ शिक्षक फेडरेशन संघ, के संयुक्त तत्वावधान में सभी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर मंगलवार दोपहर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव 2013 के समय भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र घोषणापत्र में प्रदेश के कर्मचारियों, अधिकारियों को पूरे सेवाकाल में चार स्तरीय पदोन्नति वेतनमान देने, कर्मचारियों के विभिन्न संवर्ग की वेतन विसंगति दूर करने, शासकीय सेवकों को 33 वर्ष की सेवाकाल के स्थान पर 25 साल की सेवा अवधि पूर्ण करने पर पूर्ण पेंशन का लाभ सहित कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न समस्याओं एव मांगों को पूरा करने की बात कही गई थी। छत्तीसगढ़ राज्य में आपके नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद से फेडरेशन द्वारा आप से भेंट कर ज्ञापन सौंपकर संकल्प पत्र के वायदों को पूरा कराने का अनुरोध कई अवसरों पर किया गया। लेकिन आज तक ध्यान नहीं दिया गया है।
वहीं सातवें वेतनमान का एरियर महंगाई भत्ता की लंबित किस्त के भुगतान प्रशासनिक सुधार में दिए गए ज्ञापनों पर किसी तरह की कार्यवाही नहीं होने से कर्मचारी जगत में बेहद रोष व्याप्त है। फेडरेशन के प्रतिनिधि मंडल द्वारा मुख्य सचिव के समक्ष भी चर्चा कर अपनी मांगों से अवगत कराते हुए ज्ञापन दिया गया था। इन लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि हमारी मांगों पर किसी प्रकार की सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई, तो हमें आगे चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़ शिक्षक फेडरेशन संघ तहसील राजिम के अध्यक्ष यशवंत साहू , शिक्षक संघ तहसील राजिम के अध्यक्ष योगेश्वर पुरी गोस्वामी, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ तहसील राजिम के सचिव आत्माराम साहू, राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा समेत कर्मचारी शामिल हैं।
राजिम. मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन देते कर्मचारी।
संविलियन की मांग को लेकर वॉल पेंटिंग अभियान शुरू
नवापारा राजिम| शिक्षक पंचायत मोर्चा के तत्वावधान में रायपुर बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर 11 मई को आयोजित महापंचायत में लिए गए निर्णयानुसार जनता तक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से अभनपुर ब्लॉक में जिला अध्यक्ष ओपी सोनकला के नेतृत्व में वाॅल पेंटिग शुरू की गई। वॉल पेंटिग में विधानसभा मिशन-हमारा संविलियन के तहत सरकार के 14 सालों से किए गए वादाखिलाफी के खिलाफ विधानसभा अभनपुर के प्रत्येक गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 26 मई को प्रदेश के समस्त 90 विधानसभा में संकल्प दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। संकल्प दिवस के दिन अभनपुर विधानसभा में भी ब्लॉक के समस्त शिक्षाकर्मी द्वारा प्रत्येक गांव-शहर की जनता तक पहुंचकर सरकार की वादा खिलाफी के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष कन्हैया कंसारी, जिला कोषाध्यक्ष अतुल शर्मा, ब्लॉक सचिव शिव कुमार साहू सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।
पलारी में फेडरेशन ने सौंपा ज्ञापन
पलारी| प्रदेश कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री को कई बार अपनी मांगों को लेकर चर्चा की जिसमें अब तक कोई कार्यवाही नहीं होने से उनमें रोष व्याप्त है। उन्होंने अपनी लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की और नहीं पूरा करने पर 12 जून को एक दिवसीय सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे। उनकी प्रमुख मांगें हैं चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार समस्त कर्मचारी अधिकारी को पूर्ण सेवाकाल में चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान का लाभ, प्राथमिकता के आधार पर राज्य के समस्त संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर करने, सातवें वेतनमान का एरियर प्रदान करते हुए गृह भाड़ा सहित समस्त भत्तों को 1 जनवरी 2016 से पुनरीक्षित करने, सातवे वेतनमान का लाभ प्रदेश के समस्त निगम मंडल के कर्मचारियों एवम पेंशनरों को देने आदि की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक संयोजक राम कुमार साहू, सह संयोजक मंत्र राम वर्मा, अशोक निर्मलकर, लेखराम नायक, ईश्वरचंद कन्नौजे, किरण जायसवाल, दिलीप पैकरा उपस्थित थे।