चला में गौरव पथ की चौड़ाई को लेकर विवाद, निर्माण कार्य रुकवाया
चला में गौरव पथ की चौड़ाई को लेकर विवाद, निर्माण कार्य रुकवाया
चला| सांसद आदर्श गांव में बन रहे गौरव पथ की चौड़ाई बढ़ाने को लेकर विवाद शुरू हो गया है। आक्रोशित लोगों ने निर्माण के दौरान पक्षपात करने व घटिया सामग्री के उपयोग में लेने का आरोप लगाया है। दरअसल मामला गौरव पथ की चौड़ाई को लेकर है। इससे नाराज लोगों ने मुख्य बाजार में निर्माण कार्य बंद करवा दिया। सरपंच बीरबल काजला के मुताबिक गौरव पथ की चौड़ाई 24 फीट करने का प्रस्ताव था, लेकिन यहां ठेकेदार केवल 19 फीट की चौड़ाई में कार्य कर रहा है। इसमें छह फीट में नाली निर्माण भी होगा। इससे लोगों में रोष है, जबकि ग्रामीण निर्माण में सहयोग कर रहे हंै। रास्ते का अतिक्रमण भी खुद ही तोड़ रहे हैं, लेकिन ठेकेदार राजनीतिक दखल से निर्माण में मनमानी कर रहा है।
शेखाजी का 530वां निर्वाण दिवस आज
रैवासा| शेखाजी निर्वाण स्थल रलावता में बुधवार को साढ़े दोपहर 12 बजे महाराव शेखाजी का 530वां निर्वाण दिवस मनाया जाएगा। महाराव शेखा संस्थान के प्रदेश सचिव संपतसिंह धमोरा ने बताया कि राजस्थान विधानसभा के उपाध्यक्ष राव राजेन्द्रसिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, चूरू, नागौर आदि कई जगहों से सभी जाति-संप्रदाय के लोग भाग लेंगे।
सोनी बने ललित कला अकादमी के सचिव
श्रीमाधोपुर| कस्बे के वार्ड 16 निवासी सुरेन्द्र कुमार सोनी को राजस्थान ललित कला अकादमी का सचिव बनाया गया है। सोनी वर्तमान में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज जयपुर में प्रवक्ता हैं।
गदैया नामदेव सेवा समिति अध्यक्ष बने
नीमकाथाना| राधाकृष्ण विट्ठल नामदेव मंदिर में नामदेव सेवा समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता प्रभुदयाल मंढ़ोली ने की। सर्वसम्मति से चौथमल गदैया को समिति अध्यक्ष चुना गया।
श्यामपुरा बालाजी धाम में मेला आज से
पलसाना| ग्राम श्यामपुरा पूर्वी में ग्रिड वाले बालाजी के समीप श्यामपुरा बालाजी धाम में 18 अप्रैल को मेला भरेगा। पुजारी जैसराज बोराण ने बताया बुधवार सुबह देवीपुरा बालाजी धाम सीकर, पिपराली बालाजी धाम, कैशा का बालाजी कटराथल, श्यामपुरा बालाजी धाम, दौलतपुरा बालाजी धाम एवं सालासर बालाजी धाम पलसाना से प्रातः निशान पदयात्रा शुरू होगी। पदयात्राओं का संगम श्यामपुरा बस स्टैंड पर होगा।
शिवाजी व डॉ. राधाकृष्णन को याद किया
लक्ष्मणगढ| छत्रपति शिवाजी की जयंती एवं डॉ. राधाकृष्णन की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। समग्र सेवा सद्विचार सृष्टि के अध्यक्ष ओमप्रकाश भारती ने बताया कि चौपड़ बाजार बालाजी मंदिर में दोनों महान विभूतियों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को बोर्ड लेखन द्वारा प्रदर्शित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।