अंबेडकर भवन के स्थान पर विवाद, पालिका ने मांगे दस्तावेज
भास्कर न्यूज | नीमकाथाना
पथवारी मोहल्ले में बनने वाले अंबेडकर भवन के स्थान को लेकर विवाद शुरू हो गया है। रविवार को अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। कहा, जहां अंबेडकर भवन का शिलान्यास हुआ है उस जगह ताजियों का टीला है। पालिका रिकॉर्ड में जमीन ताजियों के टीले के नाम से अंकित है। गौरतलब है कि यहां शनिवार को विधायक व अध्यक्ष सैनिक कल्याण सलाहकार समिति प्रेमसिंह बाजौर व पालिकाध्यक्ष त्रिलोक दीवान ने अंबेडकर भवन का शिलान्यास किया। विरोध करने वाले लोगों को कहना है कि मामले को लेकर विधायक व पालिका प्रशासन को पहले कई बार अवगत भी कराया गया था। यहां जमीन आवंटन का पहला अधिकार उनका है। इधर, मामले में विरोध होने पर पालिका अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से समझाइश कर मामला शांत किया। पालिका अधिकारियों ने अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।