पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया, पुलिस से उलझीं महिलाएं
नगर पालिका प्रशासन ने मंगलवार को शहर में दो जगहों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। सिंघीवाल कॉलोनी एवं अभय कॉॅलोनी में अतिक्रमण तोड़ा गया। इस दौरान लोगों ने कार्रवाई का जमकर विरोध किया। पुलिस व अतिक्रमियों के बीच विवाद हुआ। कई महिलाएं पुलिस जवानों से उलझी। इनके बीच जोरदार धक्का-मुक्की हुई।
विरोध के बीच अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण तोड़ा। एक महिला ने जेसीबी चालक पर ईंट से हमले का प्रयास किया। इसमें जेसीबी ड्राइवर बाल-बाल बचा। दरअसल सिंघीवाल मोहल्ले में लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर लिया। इसकी शिकायत पालिका को दी। इस पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण तोड़ दिया। खेतड़ी रोड से अभय कॉलोनी के रास्ते पर प्रस्तावित जीएसएस की जगह से अतिक्रमण हटाया। दोनों ही जगह कार्रवाई का जोरदार विरोध हुआ। आरोप है कि पालिका प्रशासन ने बिना नोटिस दिए ही अतिक्रमण तोड़ दिया। इससे लोगों में रोष है। किसान मालीराम ने पालिका ईओ विशाल यादव पर मनमर्जी से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। मालीराम का कहना है कि पालिका अधिकारियों ने छह महीने पहले भी यहां से अतिक्रमण हटाया था। तब रसूखदारों का अतिक्रमण नहीं तोड़ा। इससे आमजन को परेशान किया जा रहा है। प्रशासन ने अतिक्रमण बताकर खातेदारी से निर्माण तोड़ा है। मामले में उच्च अधिकारियों को शिकायत की जाएगी। कार्रवाई के में एईएन सुनील यादव सहित अनेक कार्मिक शामिल थे।
महिलाएं जेसीबी के सामने आकर खड़ी हो गईं
सिंघीवाल कॉलोनी में पालिका कार्मिकों के आते ही बड़ी तादाद में महिलाएं एकत्रित हो गई। वे कार्रवाई का विरोध करने लगी। अधिकारियों ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन विरोध कर रही महिलाएं मौके से नहीं हटी। कई महिला जेसीबी के आगे खड़ी हो गई। आखिर पुलिस जाब्ते ने हल्का बल प्रयोग कर विरोध कर रही महिलाओं को हटाया। इस दौरान पुलिस व महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की हुई।
कई जगह अवैध निर्माण
शहर में कई जगह अवैध निर्माण हो रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन आंख मूंदकर बैठा है। आरोप है कि लोगों ने भूदोली रोड़ पर फिर से अतिक्रमण कर लिया, लेकिन उन्हें रोका नहीं जा रहा। कई जगह बिना स्वीकृति के निर्माण हो रहे हैं। लोगों ने मकानों की मरम्मत कार्य की अनुमति लेकर बड़े कॉम्पलेक्स खड़े कर लिए। उनके खिलाफ भी पालिका प्रशासन कार्रवाई करें।
नीमकाथाना. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस से उलझती महिलाएं तथा अतिक्रमण तोड़ती जेसीबी व मशीन के सामने से लोगों को हटाती पुलिस ।