निशुल्क डायबिटीज और हाइपरटेंशन शिविर आज सुबह साढ़े पांच बजे से
सीकर | लायंस क्लब सनराइज और गेटवेल हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सुबह साढ़े पांच से सात बजे तक नेहरू पार्क में निशुल्क डायबिटीज और हाइपरटेंशन शिविर लगाया जाएगा। शिविर में हृदय रोग, मोटापा रोग की जांच की जाएगी। शिविर संयोजक कमला रणवा ने बताया कि माह के पहले रविवार को मारू पार्क, द्वितीय रविवार को स्मृति वन और तीसरे रविवार को नेहरू पार्क में निशुल्क शिविर लगाए जाते हैं।
हड़ताल के दूसरे दिन भी नहीं चली अनुबंधित सेवा की रोडवेज बसें
सीकर | ड्राइवरों को लंबे समय बाद भी वेतन भुगतान नहीं करने के विरोध में दूसरे दिन शनिवार को भी सीकर आगार से संचालित होने वाली रोडवेज की अनुबंधित सेवा की करीब 20 से ज्यादा गाड़ी बंद रही। बस ड्राइवरों ने कलेक्टर व रोडवेज आगार सीकर वर्कशॉप इंचार्ज को ज्ञापन देकर वेतन दिलाने की मांग की। ऑनलाइन टिकिट बुकिंग के बावजूद यात्रियों को रोडवेज की बस सेवा से वंचित रहना पड़ रहा है।
पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने बाइक सवार को रुपया नहीं दिया तो कलेक्टर से शिकायत
नीमकाथाना | खेतड़ी मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप के सेल्समैन द्वारा उपभोक्ता को बाइक में पेट्रोल भरवाने की एवज में दिए गए रुपयों में से शेष बचा एक रुपया नहीं लौटाने के मामले में कलेक्टर को शिकायत दी गई है। वार्ड 11 के युगल शर्मा ने कानोडिया पेट्रोल पंप से 99 रुपए का पेट्रोल डलवाया था। आरोप है कि सेल्समैन ने शेष बची राशि एक रुपया वापस नहीं दिया। इसे लेकर उनके बीच बहस हुई। कलेक्टर को दी शिकायत में बताया गया है कि मामले में पंप संचालक को शिकायत दी गई। इस पर पंप मालिक ने उससे अभद्रता की।
जेईई एडवांस्ड आज, सेंटर पर ही मिलेगा ओरिजनल एडमिट कार्ड
सीकर | जेईई एडवांस्ड पहली बार केवल ऑनलाइन मोड पर होगा। रविवार को होने वाले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट में करीब 1.60 लाख स्टूडेंट्स बैठेंगे। सीकर में भी एग्जाम के लिए सेंटर बनाए गए हैं। स्टूडेंट्स को जेईई एडवांस्ड की वेबसाइट से डाउनलोड किया गया प्रोविजनल एडमिट कार्ड लेकर सेंटर पर जाना होगा। ओरिजनल एडमिट कार्ड सेंटर पर ही दिया जाएगा।