पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर 75 हजार के गहने व 15 हजार रुपए चुराए

चोरों ने मकान की खिड़की तोड़कर 75 हजार के गहने व 15 हजार रुपए चुराए

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज |नीमकाथाना/टोडा

टोडा में मंगलवार देर रात को चोरों ने एक घर से करीब 75 हजार के गहने व 15 हजार रुपए चुरा लिए। चोर घर के पिछवाड़े से कमरे की खिड़की तोड़कर घुसे। वारदात यहां के किशनलाल वर्मा के घर पर हुई। घटना के समय किशनलाल का परिवार घर के बरामदे में सो रहा था। सुबह उठे तो कमरे में सामान बिखरा मिला। वहीं खिड़की भी टूटी हुई थी। कमरे से बक्से भी नहीं मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना किया और पीड़ित परिवार के लोगों से मामले की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक चोरी की वारदात देर रात को हुई है। पीड़ित किशन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि घर से 15 हजार की नकदी चोरी हुई। इसके अलावा एक मंगलसूत्र व चांदी के सिक्के चोरी हुए हैं। इधर, बुधवार सुबह चोरी की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

टोडा. खेत में मिली चोरी हुई पेटियां व बिखरे कपड़े।

खेत में टूटी हुई मिली पेटी व अटैची : पुलिस को चोरी हुई दो पेटी व एक अटैची घर से कुछ ही दूरी पर पड़ी मिली। बदमाशों ने यहां पेटियों को तोड़ा। पेटी व अटैची में रखा कीमती सामान चुरा लिया और कपड़े वहीं छोड़ दिए। मौके पर एक पंखा भी मिला है।

टोडा में पहले भी हुई चोरी, खुलासे नहीं हुए : टोडा में एटीएम तोड़ने व शराब ठेका लूट के दो मामले पहले भी हुए हैं, लेकिन पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी। चोर यहां के एक बैंक से एटीएम उठाकर ले गए थे।

लांपुवा ग्राम के शराब ठेके का शटर तोड़कर 13 हजार रुपए व शराब चोरी

रींगस| ग्राम लांपुवा के शराब ठेके में मंगलवार की रात को शटर तोड़कर 13 हजार रुपए व शराब चोरी हो गई। सूचना मिलने पर बुधवार को शराब ठेका दुकान संचालक ने पुलिस थाने पर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि बजरंग लाल जाट निवासी आभावास ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी लांपुवा ग्राम में लाइसेंसशुदा दुकान है। दुकान में सेल्समैन अमरसिंह मीणा निवासी कालीखेड़ा-खंडेला सो रहा था। इस दौरान रात को करीब दो बजे पिकअप में सवार होकर करीब सात जने आए। उन्होंने शटर तोड़ा तथा दुकान में रखे करीब 13 हजार रुपए तथा देशी व अंग्रेजी शराब चोरी कर ले गए। शराब का विवरण दुकान में जांच के बाद ही पता लगेगा।

खबरें और भी हैं...