पलसाना में नृसिंह लीला महोत्सव शुरू
पलसाना| कस्बे के नृसिंह लीला चौक में बुधवार को नृसिंह लीला महोत्सव का शुभारंभ किया गया। घनश्याम पुजारी ने बताया कि श्री नृसिंह लीला महोत्सव सेवा समिति एवं ग्रामीणों के सहयोग से शुरू हुई लीला में राम रावण युद्ध से नृसिंह लीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। आरती के पश्चात भगवान विष्णु के 24 अवतारों की सजीव झांकी सजाई गई। नगाड़े की चोट पर चेहरे पूरी रात झूमते रहे। उनके साथ महादेव आर्ट ग्रुप सिरसा तथा रामू राजस्थानी द्वारा नृसिंह, राम दरबार, राधा-कृष्ण, शिवलिंग व मयूर नृत्य सहित अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। महोत्सव में कस्बे के अलावा आसपास अनेक गांवों के लोगों ने हिस्सा लिया।
पेंशनर मंच में पांच नए संरक्षक सदस्य बने
सीकर| राजस्थान पेंशनर्स मंच की जिला शाखा में संरक्षक मंडल में पांच नए सदस्यों को शामिल किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. शिवशंकर गर्ग की सहमति से संरक्षक मंडल में ओमसिंह चौहान को नीमकाथाना व श्रीमाधोपुर, बजरंगलाल पारीक, राधेश्याम कौशिक, सीताराम शर्मा व नाथूलाल को खंडेला व दांतारामगढ़ को सदस्य बनाने के साथ तहसील कमेटियों के गठन के लिए प्रभारी भी बनाया गया है।
बच्चों ने किया चरी व गरबा नृत्य

दांता| श्री बद्रीनारायण भैरवदत्त खेतान माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय में वार्षिक समारोह सृजन 2018 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा थे तथा अध्यक्षता विद्या भारती संस्थान जयपुर के मंत्री सुरेश कुमार वधवा ने की। विशिष्ट अतिथि विद्या भारती संस्थान के सचिव विजयसिंह फौजदार एवं प्रांत निरीक्षक अशोक कुमार पारीक रहे। अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। इसके बाद सरस्वती वंदना हुई। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्यामसुंदर सोनी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। शैक्षिक व सहशैक्षिक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को सम्मानित किया गया। बालकों द्वारा चरी नृत्य, गरबा, घोष वादन आदि कार्यक्रमों की रोचक प्रस्तुति दी गई।