सिरोही की ढाणी तेतरवालों की में बिजली निगम अधिकारियों ने लोड चैकिंग अभियान में जल योजनाओं पर चल रहे तीन अवैध कनेक्शन हटवा दिए। तीन दिन से पानी नहीं मिला तो महिलाओं ने प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराया।
ढाणी में तीन ट्यूबवैलों से पानी मिलता है। महिलाओं का आरोप है कि तीन दिन से एक बूंद पानी नहीं मिल रहा। गर्मी के मौसम में दूसरी ढाणी से पानी लाना पड़ता है। कई लोग निजी टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं। महिलाओं का आरोप हैं कि पंचायत पेयजल योजना का बिल जमा नहीं करवा रही। अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल बकाया के चलते दो ट्यूबवैलों के बिजली कनेक्शन हटवा दिए थे। कुछ दिन बाद लोगों ने इसे वापस जोड़ लिया था। एक ट्यूबवैल का बिजली कनेक्शन तो एप्लाई भी नहीं किया गया। इधर, एससी बस्ती के लोगों का आरोप है कि बढ़ती गर्मी में निगम अधिकारियों ने पेयजल योजना के कनेक्शन काटे हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने मामले में पंचायत पर भी लापरवाही के आरोप लगाए। निगम एईएन महेश कुमार ने कहा कि अवैध रूप से चल रहे बिजली कनेक्शनों को अभियान के दौरान हटाया गया है। विभाग को पेयजल योजनाओं पर कनेक्शन के लिए आवेदन करने के लिए कहा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच व सचिव भी सुनवाई नहीं करते।
शिविर में महिलाओं ने फोड़े मटके जताया विरोध
खंडेला| ग्राम पंचायत ढाणी गुमान सिंह में चल रहे राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर में सैकड़ों महिलाएं खाली मटके लेकर पहुंची और पानी की मांग करने लगी। संतोषपूर्वक जवाब नहीं मिलने पर महिलाओं का गुस्सा फूटा और उपखंड अधिकारी के सामने ही मटके फोड़ना शुरू कर दिया। काफी समझाइश के बाद महिलाएं अटल सेवा केंद्र के बाहर आकर बैठ गई और समाधान की मांग करने लगी। आक्रोशित महिलाओं को तहसीलदार बृजेश कुमार ने काफी देर तक समझाइश कर मामले को शांत करवाया और जल्द ही पानी की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाएं मानी।
जलदाय विभाग के कार्मिक ने लीकेज दुरस्त किए
टोडा| दरीबा से टोडा आ रही पेयजल सप्लाई लाइन के लीकेज को सोमवार को जलदाय विभाग के कार्मिक ने दुरुस्त कर दिया। यहां दिनभर पानी व्यर्थ बहता था। मामले में भास्कर के जल मित्र हरसहाय कुमावत ने राजस्व लोक अदालत शिविर में अधिकारियों से शिकायत की थी। अधिकारियों के निर्देश पर सोमवार को क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक किया गया।
सिरोही| भगेगा व समीप की ढाणियों में पानी की समस्या बनी हुई है। यहां लोग हैंडपंप का पानी उपयोग में ले रहे थे, लेकिन कई दिनों से हैंडपंप खराब है। सरपंच मधुसूदनसिंह ने बताया कि मामले में जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन अभी खराब हैंडपंप दुरुस्त नहीं किए।
खंडेला| शहीद भगतसिंह यूथ ब्रिगेड के बैनर तले सोमवार को पानी की समस्या को लेकर उपखंड कार्यालय के सामने जल सत्याग्रह शुरू किया गया। ब्रिगेड के राष्ट्रीय संयोजक बलबीर भारतीय ने बताया कि कुम्भाराम पेयजल लिफ्ट योजना को खंडेला से जोड़ना, अभाव ग्रस्त क्षेत्र में सरकारी टैंकरों से पानी की सप्लाई, जर्जर 108 एम्बुलेंस को ठीक करवाना।
थोई| कस्बे के रूपपुरा रोड पर सरकारी बोरिंग के पास कई दिनों से लीकेज हो रहा है। इससे हजारों लीटर पानी रोज व्यर्थ बह रहा रहा है। इसकी शिकायत जल मित्र सुनील कुमार, विकास कुमार, राहुल सैनी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से की है। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नीमकाथाना. तेतरवालों की ढाणी में जल योजनाओं के कनेक्शन काटने पर पानी के लिए विरोध दर्ज कराती महिलाएं।
रींगस में पानी के लिए लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारी से बातचीत की
रींगस |नगर पालिका के क्षेत्र के अधिकतर वार्डों में करीब एक माह से चल रही पेयजल किल्लत से परेशान लोगों ने सोमवार को जलदाय विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय पहुंचकर समाधान की मांग की। सहायक अभियंता हिमांशु ने कनिष्ठ अभियंता प्रियंका गोदारा को कार्यालय में बुलाकर समस्या पर जानकारी ली तथा दोनों अघिकारियों ने दो दिन में समस्या समाधान कराने का आश्वासन दिया। श्यामजी मोहल्लावासी पार्षद हेमंतलाल मीणा, बजरंगलाल कुमावत, भवानी सिंह झाला, मानसिंह झाला, गजानंद कुमावत आदि ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु व कनिष्ठ अभियंता गोदारा को बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के अधिकतर वार्डों में पेयजल व्यवस्था गड़बड़ा गई है। ऐसे में वार्ड नंबर 22 के राजापार्क कॉलोनी, मीणों का मोहल्ला, घायल अस्पताल के सामने कुमावत कॉलोनी, श्याम मंदिर के पीछे स्थित कॉलोनी आदि में पेयजल की गंभीर समस्या करीब एक माह से छाई हुई है। जलदाय विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु ने कनिष्ठ अभियंता प्रियंका गोदारा से पेयजल समस्या की जानकारी ली तथा समाधान पर वार्ता की।