नीमकाथाना| स्कूलों में गर्मी की छुट्टी के साथ ही समर कैंप शुरू हो गए हैं। शहर में स्काउट गाइड संघ, फैस्टी क्लब व महिलाओं के संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर समर कैंप शुरू किए हैं। इनमें बच्चों, युवतियों व महिलाओं के लिए कई कोर्स शुरू किए गए हैं। मस्ती, डांस व म्यूजिक पर अगले एक हफ्ते बच्चे समर कैंप में रहेंगे। फेस्टी क्लब के कैंप का उद्घाटन स्नेहा अग्रवाल, ऊषा बंका व सविता दीवान ने किया। यहां बच्चों को आर्ट क्राफ्ट, इंग्लिश स्पीकिंग, डांस, म्यूजिक, आउटिंग, पेंटिंग, फायरलेस कुकिंग, प्लांटेशन, पर्सनालिटी डेवलपमेंट हारमोनियम, फोटो फ्रेम, कार्ड मैकिंग के बारे में बच्चों को सिखाया जाएगा। फेस्टी क्लब के समर कैंप में करीब 50 बच्चे, युवतियां व महिलाएं शामिल हैं। राजकीय गजानंद मोदी सीसै स्कूल में स्काउट गाइड संघ का ग्रीष्मकालीन अभिरुचि शिविर शुरू हुआ। यहां बच्चों को पर्सनालिटी डेवलपमेंट के साथ आर्ट क्राफ्ट, म्यूजिक, सिलाई, कुकिंग, डांसिंग व ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। महिला संगठनों के समर कैंप में सिलाई, ब्यूटीशियन व डांस सिखाया जा रहा है। समर कैंपों का समापन जून के पहले सप्ताह में होगा। इस मौके पर कई प्रतियोगिताएं होंगी।