सांवलपुरा तंवरान के किसान प्रहलाद गुर्जर ने ग्रामीणों को जब पानी के परेशान हाेते देखा तो अपनी खेती छोड़कर खेत में बने बोरिंग को ग्रामीणों के लिए सार्वजनिक कर दिया। करीब तीन साल पहले यहां पानी गहराई में चला गया था। बोरिंग सूख गए अौर हैंडपंप में भी पानी आना बंद हो गया। तब यहां के लोग प्रहलाद गुर्जर के बोरिंग से पानी लाने लगे। इसमें भरपूर पानी है। तड़के तीन-चार बजे ही यहां पानी के लिए लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो जाती है। पांच हजार की आबादी वाले गांव के आधे लोग इसी कुएं के पानी से प्यास बुझाते हैं। कुएं पर टंकी नहीं है। ऐसे में महिलाएं व बच्चे सीधे बर्तनों में ही पानी लेकर जाते हैं।
प्रहलाद गुर्जर बताते हैं कि इलाके के कुएं सूख गए तो लोग पानी के लिए भटकने लगे। महिलाएं दूरदराज से पानी लेकर आती थी। बच्चे भी पानी लाने में जुटते थे। उनकी परेशानी देखी नहीं गई, तभी खेत में बने कुएं से लोगों को पानी पिलाने की ठान ली और कुएं को सार्वजनिक कर दिया। इनके कुएं से प्रतिदिनि ग्रामीण करीब 15 हजार लीटर पानी पीते हैं।
प्रहलाद गुुर्जर
टोडा. सांवलपुरा तंवरान में प्रहलाद गुर्जर के खेत में पानी भरने के लिए आए लोग।
खेती से तीन लाख तक कमा लेते थे, तीन साल पहले सेवा के लिए खेती छोड़ दी
करीब तीन साल पहले प्रहलाद गुर्जर अपने खेत में परंपरागत खेती व सब्जी बाेते थे। इससे तीन लाख रुपए तक की आय होती थी, लेकिन इसी दौरान बोरिंग पर पानी के लिए लोग आने लगे। इससे फसल को पर्याप्त पानी नहीं मिलता। आखिर प्रहलाद गुर्जर ने जल सेवा के लिए खेती छोड़ दी।
भामाशाह टैंकरों से भी डलवा रहे हैं पानी : सांवलपुरा तंवरान में पेयजल समस्या के चलते भामाशाह व युवा नेता नरेंद्रसिंह महरोली भी प्रतिदिन पानी का एक टैंकर यहां भिजवा रहे हैं। टैंकर से पानी लेने भीड़ जुटती है। कई बार तो पानी के लिए लोग झगड़ने भी लगते हैं। ग्रामीण कहते हैं कि जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से लोग पानी की समस्या झेल रहे हैं।
पोर्टल पर दर्जनों बार शिकायत की, लेकिन नहीं हुआ समाधान : ग्रामीण रणजीत गुर्जर व रामावतार गुर्जर बताते हैं कि यहां पानी की गंभीर समस्या है। मामले में जागरूक लोगों ने संपर्क पोर्टल पर दर्जनों बार शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इस बार समाधान नहीं होने पर चुनावों के बहिष्कार का निर्णय भी ले सकते हैं।
घाटमदास वाली में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने की बैठक, समाधान नहीं होने पर करेंगे घेराव
कांग्रेस प्रदेश कमेटी सचिव से हाथ जोड़कर पानी के लिए गुजारिश करती महिला।
भास्कर न्यूज |मूंडरू
कस्बे के नाथूसर ग्राम पंचायत की घाटमदास वाली में रविवार को पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बालेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बैठक की।
हजारीलाल स्वामी ने बताया कि घाटमदास वाली में चार साल से पानी की समस्या है। ग्राम पंचायत और जलदाय विभाग को बार-बार सूचित करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। रविवार को ग्रामीणों ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बालेंद्र सिंह को घाटमदास वाली में चल रही पानी की समस्याओं से अवगत करवाया। बालेंद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष रिसपाल स्वामी ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक व जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत करवा दिया गया है, लेकिन समाधान नहीं हुआ है।