नीमकाथाना| खेतड़ी मोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार शाम को बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे युवक की बाइक में अचानक आग लग गई। आग की लपटों को देख लोग भागने लगे। पंप कार्मिक में भी अफरा-तफरी मच गई। लोग भी आग बुझाने के बजाय अपनी-अपनी गाड़ी व बाइक छोड़कर भागने लगे। अचानक मची भगदड़ से एक बार लोग डर गए। इस दौरान पंप कार्मिक ने दौड़कर मशीन को बंद किया। पॉवर सप्लाई भी काट दी गई। पानी के मटके, मिट्टी व फायर एक्सटिंग्यूसर से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि सही समय पर आग पर काबू पा लिया गया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कुछ देर में ही पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ लग गई। पंप कार्मिकों ने बताया कि कैलाशचंद्र बाइक में पेट्रोल लेने आया था। जैसे ही बाइक में पाइप से पेट्रोल डालना शुरू किया तो आग भड़क गई। पाइप छोड़कर पंप कार्मिक मशीन बंद करने दौड़ा। दूसरे कार्मिक पानी के मटके व अग्निशमन यंत्र लेने भागे। एक कार्मिक बाइक को घसीटते हुए मशीन से दूर ले गया। कुछ देर बाद ही फायर एक्सटिंग्यूसर से आग को काबू कर लिया गया।