पिता ने पीटा तो दो मंजिला मकान की छत से कूद गई 12 साल की बालिका
कस्बे के विजय बाग में पिता की बेरहम पिटाई से घबराई 12 वर्षीय बेटी दो मंजिला मकान की छत से नीचे कूद गई। घायल अवस्था में उसे नीमराना के सचखंड अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके दोनों पैरों में फ्रेक्चर हुए हैं। रीढ़ की हड्डी का छल्ला भी टूट गया है। गंभीर हालत में उसे जयपुर रैफर किया गया है। बालिका छत पर मोबाइल से किसी युवक से बात कर रही थी। पिता को पता चला तो उसने छत पर ही पीटना शुरू कर दिया। वह रोती हुई भागी और बिना मुंडेर की छत से नीचे कूद गई। यह घटनाक्रम पड़ोस की छत से वीडियो बना रहे युवक के मोबाइल में रिकार्ड हो गया। जिसने इसे वायरल भी कर दिया। गौरतलब है कि बालिका का परिवार बिहार का रहने वाला है। माता-पिता दोनों उद्योग क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी करते हैं। दो-तीन साल से नीमराना में किराये के मकान में रह रहे हैं। पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की और रात को छोड़ दिया। अहम बात यह रही कि घटना के दौरान पुलिस को सूचना देने के लिए लोगों ने थाने में फोन किया। वहां लैंडलाइन नंबर बंद था। मीडियाकर्मियों ने एएसपी नीमराना हिमांशु से संपर्क किया तो कॉल का जवाब नहीं आया। घटना के करीब तीन घंटे बाद एएसपी सचखंड अस्पताल पहुंचे। जबकि घटना स्थल उनके कार्यालय से डेढ़ किमी और अस्पताल एक किमी दूर है।
नीमराना. विजयबाग में बेटी की पिटाई करता पिता।
नीमराना. विजयबाग में बेटी की पिटाई करता पिता।
पिटाई का वीडियो बनाता रहा युवक
छत पर संतोष जब बेटी की पिटाई कर रहा था तो कई पड़ोसी भी छत पर आ गए। एक युवक पिटाई का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान बालिका दौड़ते हुए नीचे कूद गई और पूरी यह सब वीडियो में कैद हो गया। युवक ने बाद में ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाल दिया। जिस पर कई लोगों ने आपत्तिजनक कमेंट्स भी कर डाले।
पुलिस बोली-बालिका ने डर के कारण छत से गिरने की बात कही : नीमराना थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर सचखंड अस्पताल में भर्ती बालिका के बयान लिए। उसने बताया कि वह छत पर मोबाइल से पड़ोस के युवक से बात कर रही थी। मेरे पापा को पता चल गया और इससे मैं डर गई और छत से नीचे गिर गई। जो वीडियो वायरल हुआ है उसे देखकर जो भी कार्रवाई बनेगी, वह की जाएगी।
नीमराना. पिटाई के बाद छत से कूदती बालिका।
पड़ोसियों ने पहुंचाया अस्पताल : बालिका की चीखपुकार और नीचे गिरने की आवाज सुन पड़ोसी दौड़कर मकान के बाहर आए। बालिका अचेत हो गई थी। उसे किरायेदारों ने सचखंड अस्पताल के ट्रॉमा तथा वहां से आईसीयू में भर्ती कराया। जहां से देर रात उसे गंभीर हालत में जयपुर रैफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय बालिका का पिता शराब के नशे में था।
पुलिस थाने का टेलीफोन कटा हुआ है : बालिका के गिरकर घायल होने पर जुटी भीड़ में काफी लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मीडिया के लोग भी मौके पर पहुंचे लेकिन थाने का लैंडलाइन टेलीफोन रिसीव नहीं हुआ। बाद में पता चला कि भुगतान नहीं होने से यह बंद पड़ा है। मोबाइल नंबरों पर पुलिस अधिकारियों ने कॉल रेस्पोंड नहीं किए। करीब तीन घंटे बाद थाना अधिकारी हितेश शर्मा सचखंड अस्पताल में पहुंचे तथा बालिका के संबंध में जानकारी जुटाई।