बहरोड़ की रेणुका को मुंबई में मिला वूमन प्राइड 2018 अवार्ड
बहरोड़. रेणुका को सम्मानित करते सुनील शेट्टी व रवीना टंडन।
बहरोड़ | दैनिक भास्कर समूह की डिजिटल विंग ‘डीबी डिजिटल’ का पांचवां वूमन प्राइड अवार्ड अलवर की रेणुका यादव को मिला है। यह अवार्ड रेणुका के अलावा भोपाल की मीता चौरसिया और इंदौर की अदिति चौरसिया को दिया गया। गुरुवार को मुंबई में आयोजित एक समारोह में जूरी मेंबर बॉलीवुड कलाकार सुनील शेट्टी और रवीना टंडन ने ये अवार्ड प्रदान किए। यह अवार्ड हमारी डेली लाइफ में महिलाओं के योगदान को सम्मान देने के लिए दिया जाता है। इस साल अवार्ड की थीम थी-हौसले की उड़ान को सलाम, क्या आप भी हैं इनके जैसी डिफरेंट? इस मौके पर सुनील शेट्टी और रवीना टंडन ने कहा कि आज हर फील्ड में महिलाएं आगे आ रही हैं और दुनियाभर में नाम कमा रही हैं। अगर हमें महिलाओं को सही मायने में एमपॉवर करना है तो उनकी डिफरेंट और प्रोग्रेसिव सोच को सम्मानित करना होगा। रेणुका बहरोड़ में शारीरिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और लंबे समय से छात्राओं को मास्टर ट्रेनर बनकर आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही हैं।