बस पलटी, मोबाइल टॉर्च से बचाए 32 यात्री, तीन गंभीर
एनएच 8 पर शनिवार तड़के अनियंत्रित वाेल्वाे बस सोतानाला के पास सड़क का नाला कूदकर पलट गई। इसमें सवार 32 यात्री घायल हो गए। पुलिस व ग्रामीणों ने अंधेरा होने के कारण मोबाइल टॉर्च की रोशनी कर यात्रियों को बस के शीशे तोड़कर व इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला। इनमें से 3 की हालत गंभीर होने पर उन्हें कोटपूतली के बीडीएम में अस्पताल से जयपुर के लिए रैफर किया गया। चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। थानाधिकारी महावीर सिंह शेखावत व पनियाला थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सुबह का समय होने से अधिकांश यात्री नींद में थे। बहरोड़ व पनियाला पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से बहरोड़ के कैलाश अस्पताल तथा कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया। बस दिल्ली से जयपुर के लिए मध्यरात्रि को रवाना हुई और करीब 4 बजे बहरोड़ में यात्रियों ने चाय-नाश्ता लिया। जहां बस का चालक बदल गया था। बहरोड़ से 8 किलोमीटर आगे हादसा हो गया। हादसे की सूचना पर नीमराना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु भी दुर्घटना स्थल पर पहुंचे। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस के पहुंचने के साथ ही एंबुलेंस व क्रेन की सुविधा होने से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया जा सका। पनियाला थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि बस में सवार यात्री जयपुर निवासी मिर्जा आवेश के भाई जावेद ने मामला दर्ज करवाया है।
ये हुए घायल : दिल्ली निवासी मिर्जा आवेश, सान्या, नितिन, पुनित, अजमेर के विजय नगर निवासी देवेन्द्र, यूपी के बिजनौर जिला निवासी निरसाद अली, पंजाब के अमृतसर निवासी गुरमक, विशाल, सुषमा, मुल्तान राव, मोहम्मद मुन्ना, राजेश, राजू, अनुराग, अनवीरा, फरहाना, मोहम्मद हकीक, पुनीत, गुलशन, नीलम, गुंजा गुप्ता सहित अन्य लोग घायल हो गए।
हाईवे पर हादसे के बद पलटी वोल्वो बस।