राजश्री योजना के भुगतान में देरी और जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में नहीं आने पर जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने नीमराना सीएचसी प्रभारी डॉ. हेमंत डागुर को चार्जशीट सौंपने के निर्देश दिए। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सोमवार को जिला परिषद सभागार में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 31 मई से पहले जिले में शत प्रतिशत दिव्यांगों का प्रमाणीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. एसएस अग्रवाल को निर्देश दिए कि 23 मई तक वंचित दिव्यांग जनों की सूची बीसीएमओ को सौंपकर तीन दिन में सर्वे के माध्यम से उनका प्रमाणीकरण कराएं। उन्होंने राजश्री योजना के भुगतान में देरी करने और लापरवाही बरतने के मामले में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लेखाकारों से रिकार्ड की चाबी लेने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने सभी बीसीएमओ को निर्देश दिए कि हड़ताल पर चल रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन लेखाकारों से रिकार्ड की चाबी लेकर दूसरे कर्मचारी को दें। लेखाकार के चाबी देने से इनकार करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। उहोने मौसमी बीमारियों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए और कहा कि 28 मई से पहले होने वाले गहन दस्त पखवाड़े की बड़े स्तर पर तैयारी करें। जिला कलेक्टर ने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की भी जानकारी ली।