नीमराना| पंचायत समिति के अटल सेवा केंद्र एवं कृषि कार्यालय के सामने कस्बे के मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार से पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के आह्वान पर अपनी 5 सूत्री मांगों को लेकर तीन दिवसीय मंत्रालयिक कर्मचारी आमजन को शर्बत पिलाएंगे। पंचायत समिति प्रधान सविता मनोज यादव ने कर्मचारियों के समर्थन में उतरकर शरबत बनाने वाली प्याऊ का सोमवार को शुभारंभ किया। इस अवसर पर सहायक प्रशासनिक अधिकारी कैलाशचंद जांगिड़, कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष दीपचंद, संरक्षक स्नेहपाल यादव, ग्राम रोजगार सहायक मंजू यादव आदि मौजूद थे। इस मौके पर मुख्य सड़क मार्ग पर आने जाने वाले राहगीरों एवं वाहन चालकों को रोककर मीठा शर्बत पिलाया गया।
मुंडावर: मुंडावर पंचायत समिति कार्यालय के सामने मुख्य बस स्टैंड पर मुंडावर उपशाखा के प्रतिनिधियों व सदस्यों ने ठंडा पानी व शरबत पिलाकर शांतिपूर्ण तरीके से सरकार का ध्यानाकर्षण किया। संगठन की यह गतिविधि 23 मई तक जारी रहेगी। पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष चित्रपाल चौधरी ने बताया कि यदि सरकार द्वारा उनकी मांगों को नहीं माना गया तो 24 मई से अनिश्चितकालीन पंचायत समिति, जिला परिषद, ग्राम पंचायत कार्यालयों में समस्त कार्याें का बहिष्कार किया जाएगा एवं पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन के सदस्यों का जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इस अवसर पर विकास अधिकारी श्याम सुंदर शर्मा, ब्लाॅक अध्यक्ष इन्द्रजीत यादव आदि मौजूद थे।
नीमराना. मुख्य सड़क मार्ग पर राहगीरों को शर्बत पिलाते मंत्रालयिक कर्मचारी।