पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • लोन देने के नाम पर लाेगों से 40 लाख रु. ले भागा निजी कंपनी का सेल्स अधिकारी

लोन देने के नाम पर लाेगों से 40 लाख रु. ले भागा निजी कंपनी का सेल्स अधिकारी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मेंटोर होम लोन कंपनी से लोन दिलाने के नाम पर एक अधिकारी लोगों से 40 लाख रुपए व दस्तावेज लेकर भाग गया। इसकी जानकारी लोगों को तब मिली जब उन्हें निर्धारित तारीख तक लोन की राशि नहीं मिली। नीमच-मंदसौर जिले के 150 से अधिक लोग जिन्होंने दस्तावेज दिए थे वे अब कंपनी के चक्कर काट रहे हैं।

मूलचंद मार्ग पर कंपनी का मुख्य कार्यालय तथा मंदसौर, रतलाम जिले में शाखाएं है। सेल्स अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा खेरखेड़ा ने शामगढ़ में अगस्त 2017 में कंपनी का कार्यालय खोला। गांवों में लोगों से संपर्क कर कम समय में लोन दिलाने का लालच दिया। 100 अधिक लोगों से दस्तावेज जुटाए तथा लोन की फाइल तैयार करने के नाम पर रुपए भी लिए। फाइल तैयार कराकर नीमच कार्यालय से लोन दिलाने का कहकर ओमप्रकाश शर्मा चला गया। महीने भर बाद भी वापस नहीं आया तो लोग शामगढ़ ऑफिस पहुंचे। जहां भी ताला लगा मिला। अब पीड़ित लोग अधिकारी की तलाश कर रहे हैं।

आेमप्रकाश शर्मा

मकान निर्माण के लिए 6 लाख तक का ऋण दिलाने का कहा और 15 से 20 हजार रुपए तक ले लिए

मूलचंद मार्ग पर होम-लोन देने वाली कंपनी का ऑफिस।

7 साल में 6 लाख के देना होते हैं 12 लाख रुपए

कंपनी नियमों को ताक में रखकर लोन के नाम पर लोगों से ब्याज वसूल रही है। मंदसौर के दिनेश पाटीदार ने बताया कंपनी से 7 साल के लिए 6 लाख रुपए का लोन लिया। हर महीने 14 हजार रुपए किस्त भरनी पड़ रही है। इस तरह 7 साल में 11.76 लाख रुपए ब्याज के ही देना पड़ेंगे। 25 हजार रुपए का खर्च लोन की फाइल तैयार करने के लिए दिया था। इस हिसाब से 7 साल में 6 लाख रुपए के 12 लाख रुपए जमा होंगे। 7 साल में कंपनी का रुपया डबल हो जाएगा।

कंपनी के ठग अधिकारी ने लोगों को लोन दिलाने के नाम पर झांसा देकर 15 से 25 हजार रुपए तक लिए थे। पीड़ित किशोर पाटीदार ने बताया मकान निर्माण के लिए 6 लाख रुपए का ऋण दिलाने की बात कही। शर्मा ने फाइल तैयार करने के नाम पर 15 हजार रुपए लिए तथा एक साथ दो ऋण दिलाने की कहा तथा दोनों की किस्त एक साथ जमा करने की कहा था। फाइल के रुपए लेकर शर्मा आज तक वापस नहीं आया। उसकी क्षेत्र के कई लोग तलाश कर रहे हैं। इसी तरह गुड्डू पाटीदार से 30 हजार और प्रवीण लसोडिय़ा से 25 हजार रुपए लिए हैं। ठगी का शिकार लोगों ने सीतामऊ और कैंट थाने में शिकायत की। लेकिन पुलिस ने भी अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। दिनेश पाटीदार ने बताया सोमवार को एसपी से मिलकर कंपनी व संबंधित अधिकारी की शिकायत करेंगे। उधर कंपनी के नीमच, मंदसौर, रतलाम हेड कमलेश मुच्छाल का कहना है शर्मा रुपया लेकर भाग गया है। हमने भी पुलिस को शिकायत की है। कंपनी जयपुर के बसंत गोयल की है और प्रदेश में होम लोन देने का काम करती है। जिले के गांवों में कमीशन बेस पर एजेंट सक्रिय है। जो लोगों को होम लोन के लिए मकान, प्लाॅट या प्राॅपर्टी के दस्तावेज लेते हैं। पंचायत के प्रमाण-पत्र के आधार पर लोगों को लोन देती है और प्राॅपर्टी बंधक करती है। प्राॅपर्टी के साथ व्यक्ति के दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी फाइल बनाकर रखती है।

कंपनी का रिकाॅर्ड देखकर कार्रवाई करेंगे

होम लोन के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में शिकायत मिली है। इस पर कंपनी का रिकॉर्ड बुलवाकर देखा जाएगा। इसमें गड़बड़ी होने पर कंपनी के अधिकारियों से पूछताछ करेंगे। रुपए लेकर भागने वाले अधिकारी पर भी कार्रवाई कर लोगों को उनका पैसा वापस दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। जितेंद्रसिंह पंवार, एएसपी, नीमच

खबरें और भी हैं...