जिले में विकास यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, दिलीप सिंह परिहार की उपस्थिति में हुई। दोनों विधायक ने विभाग वार निर्माणाधीन, पूर्ण हुए कार्य, स्वीकृत व अपूर्ण कार्यों की जानकारी ली। सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में लाभांवित हितग्राही सूची प्राप्त की।
विधायक सकलेचा ने नगरीय निकायों को निर्देश दिए वे लाभान्वित हितग्राहियों की सूची तैयार कर पर्ची निकालकर संबंधित हितग्राहियों के विकास यात्रा के कार्यक्रम में आमंत्रित करें। मह्त्वपूर्ण एवं बड़े निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन सुनिश्चित करवाए। हितग्राहियों व अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। एडीएम विनय कुमार धोका, जिपं सीईओ कमलेश भार्गव सहित जिले के अधिकारी उपस्थित थे।
विकास कार्यों का किया भूमिपूजन- भादवामाता | भादवामाता मंडल के बोरखेड़ी पानेरी, नीलकंठपुरा, रायसिंहपुरा, खेताखेड़ा, दोबड़ में शनिवार को विधायक दिलीपसिंह परिहार ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें रायसिंगपुरा से नीलकंठपुरा पहुंच मार्ग, सामुदायिक एवं आंगनवाड़ी भवन, बोरखेड़ी पानेरी से खेताखेड़ा पहुंच मार्ग का डामरीकरण, दोबड़ में राधा कृष्ण मंदिर चौक में सीमेंट-कांक्रीट कार्य का भूमिपूजन किया। सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों का सम्मान किया। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा जीवन में गोइंग डिजिटल शिविर का आयोजन किया गया।
भाजपा की विकास यात्रा महागढ़ से शुरू
मनासा | गरीब और किसान का सर्वांगीण विकास होने पर ही विकासशील और उन्नत राष्ट्र बनता है। 4 वर्षों में प्रधानमंत्री ने आवास, उज्ज्वला योजना के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर विकास को बढ़ावा दिया है। यह बात विधायक कैलाश चावला ने महागढ़ में विकास यात्रा के शुभारंभ पर कही। महागढ़ में 96 लाख और बर्डिया 3.53 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। मंडल महामंत्री अनिल पाटीदार, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आशीष मंडवारिया, बर्डिया सरपंच संतोष धनगर, जनपद सदस्य कमल डाबर, प्रकाश पाटीदार, अंतिम पाटीदार, नरेंद्र सिंह, नारायण सिंह आदि उपस्थित थे।