निकली कलशयात्रा, श्रीगोपालकृष्ण की बरात रवाना
गरोठ | सात दिनी भगवान श्री गोपालकृष्ण व तुलसी विवाह उत्सव को लेकर बरखेड़ालोया श्रीकृष्णमय हो गया। कलश व शोभायात्रा के बाद मंगलवार को भगवान श्री गोपालकृष्ण की बरात नीमच जिले के जावी के लिए रवाना हुई। जहां जगदीश पाटीदार जावी के यहां तुलसी संग श्री गोपालकृष्ण का विवाह बुधवार को अक्षय तृतीया पर होगा। बरखेड़ालोया के प्राचीन श्री गोपालकृष्ण मंदिर में विराजित मुरलीधर श्री गोपालकृष्ण भगवान का विवाह उत्सव 12 अप्रैल से मनाया जा रहा है। पूरा ग्राम श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबा है। आचार्य दुर्गेश पाटीदार ने बताया की मंगलवार को मंदिर प्रांगण से बैंडबाजाें के साथ कलश व शोभायात्रा यात्रा निकली। इसमें 101 महिलाएं सिर पर कलश लिए चल रही थीं। बड़ों से लेकर युवा व बच्चे, महिला-पुरुष सभी यात्रा में भजनों की धुन पर नाचते-झूमते चल रहे थे। महिलाओं और युवतियों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर पारंपरिक गरबारास किया। कलशयात्रा का ग्राम में 25 से ज्यादा स्थानों पर फूलों की वर्षा व पटाखे छोड़कर स्वागत किया। जगह-जगह महिलाओं ने पूजन-अर्चन भी किया। मंदिर पहुंचने पर यज्ञ हुआ।