मामेरा की रस्म में ढाई तोला सोने का हार चोरी, संदिग्ध बालक की तलाश
शहर के लाॅयन डेन में बुधवार शाम को विवाह समारोह में मामेरा की रस्म के दौरान ढाई तोला सोने का हार चोरी हो गया। परिजन ने कमरे व आयोजन स्थल पर तलाश की लेकिन कहीं भी पता नहीं चला। सूचना पर सिटी पुलिस पहुंची और जांच के दौरान वीडियोग्राफी के फुटेज देखे। इसमें नीले शर्ट में संदिग्ध युवक जाता दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लॉयन डेन में विकास नगर निवासी विष्णु कुमार मोदी की बेटी के विवाह का कार्यक्रम चल रहा था। शाम को कुकड़ेश्वर से लीलाधर मोदी मामेरा लेकर पहुंचे। गहने, कपड़े व नगद राशि रखी गई है। कपड़े देने की रस्म के दौरान उनकी बहन ने हार का बाक्स खोलकर देखा तो उसमें से सोने का हार गायब मिला। सूचना पर टीआई गिरवरसिंह जलोदिया पहुंचे। वीडियोग्राफर से कैमरे के फुटेज देखे। इसमें नीले शर्ट में संदिग्ध बालक नजर आया। जिसकी पुलिस ने तलाश शुरू की।
चांदी की बिछुड़ी छोड़ दी-लीलाधर मोदी ने बताया बहन का मामेरा भरने के लिए करीब ढाई तोला सोने का हार कीमत 75 हजार रुपए का लाए थे। बाक्स में चांदी की बिछुड़ी भी थी। लेकिन चोर बाक्स से सिर्फ सोने का हार ही लेकर गया।
वीडिया फुटेज में संदिग्ध बालक।
किसान के घर से तीन तोला सोने के जेवर व 2 क्विंटल पोस्तदाना चोरी
भास्कर संवाददाता | नयागांव
ग्राम खोर में एक किसान के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। दूसरी मंजिल की खिड़की तोड़कर बदमाश घर में पहुंचे तथा तीन तोला सोने के तथा आधा किलो चांदी के आभूषण सहित दो क्विंटल पोस्तदाना चुरा ले गए।
खोर निवासी बाबूलाल जाट ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात को चार बदमाश खिड़की तोड़कर घर में पहुंचे। कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर सोने चांदी के जेवर सहित पोस्तदाना बोरी में भरकर ले गए। बदमाशों के भागने की आवाज सुनकर उठे तो घर के करीब आधा दर्जन बदमाश जिनके हाथों में लठ्ठ, चाकू और लोहे की राड लेकर कार में बैठकर भागते दिखे। वारदात के समय बरामदे में मां व बेटा सो रहे थे। शोर मचाने पर आसपास के लोग आए। लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले थे। सूचना पर पुलिस पहुंची। आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की लेकिन कहीं पर पता नहीं चला। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नयागांव में बढ़ीं चोरियां
नयागांव क्षेत्र में चोरी की वारदाते लगातार बढ़ रही है। रात में पुलिस गश्त के बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हैं। इसके कारण नयागांव चौकी क्षेत्र के गांवों में लोग रात के समय दहशत में रहते हैं। पिछले दिनों लौहार बस्ती, कबीर कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात को पुलिस पता नहीं लगा सकी। इसके बाद मंगलवार रात को खोर में बदमाशों ने किसानों के घर में वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी।