70 हजार किसानों पर 7 अरब बकाया 9 दिन बाद लगेगा 12% सालाना ब्याज
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के 70 हजार से ज्यादा खाताधारकों पर 7 अरब रुपए बकाया चल रहे हैं। 27 अप्रैल तक राशि ना चुकाने पर सभी ओवरड्यू कैटेगरी में आ जाएंगे और सोसायटी से किसी भी तरह का लेनदेन नहीं हाे सकेगा। 28 अप्रैल को बैंक ऐसे किसानों के नामों की सूची तैयार करेगा। बैंक के नीमच-मंदसौर जिला कार्यक्षेत्र में आने वाली 102 सहकारी सोसायटियों से जुड़े कई किसान 31 मार्च के बाद से बैंक की ओर रुख नहीं कर रहे हैं। राशि जमा कराने की अवधि बढ़ने के बाद भी बैंक की 60 फीसदी वसूली होना अभी बाकी है। बैंक अध्यक्ष का कहना है कि बकायादार 27 अप्रैल तक राशि जमा कराने पर ही नए वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए दोबारा से ऋण ले सकेंगे।
वित्तीय वर्ष 2017-18 में खरीफ और रबी सीजन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक ने दोनों जिले के आठों ब्लाॅकों से जुड़े करीब डेढ़ लाख किसानों को 12 अरब रुपए का कृषि ऋण दिया था। अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक 5 अरब रुपए ही वसूल हो सके हैं। 7 अरब रुपए की वसूली अब भी बाकी है। डेढ़ लाख में से 80 हजार किसानों ने उक्त राशि जमा कराई हैं। नियमानुसार 28 अप्रैल से जिला सहकारी बैंक बकाया प्रति किसान से 12 फीसदी सालाना ब्याज दर लेने की पात्रता रखेगा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष मदनलाल राठौर ने बताया कि इपिछले वित्तीय वर्ष में 12 अरब रुपए का कृषि ऋण मंदसौर-नीमच जिले में बांटा था, जिस तुलना में केवल 60 फीसदी वसूली हो सकी है।