पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 500 का लक्ष्य था, 29 जोड़े ही परिणय सूत्र में बंधे

मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 500 का लक्ष्य था, 29 जोड़े ही परिणय-सूत्र में बंधे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना से धीरे-धीरे लोगों को दिलचस्पी कम हो रही है। प्रशासन के अधिकारी भी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। अक्षय तृतीय पर जिले की प्रत्येक पंचायत को 5 कन्याओं के विवाह का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन समारोह में वर-वधू की उपस्थिति देखकर ऐसा नहीं लगा कि यह शासन स्तर का कार्यक्रम है। जिले में 500 विवाह के मुकाबले मात्र 29 जोड़े ही परिणय सूत्र में बंधें। जो लक्ष्य का मात्र 5.8 फीसदी आंकड़ा था।

कन्यादान योजना के लिए प्रशासन द्वारा एक महीने से तैयारी की जा रही थी। समय-समय पर बैठक कर अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। प्रत्येक पंचायत को शासन से गरीब परिवार की पांच विवाह योग्य कन्याओं का मुख्यमंत्री कन्यादान आदर्श विवाह योजना में शादी कराने का लक्ष्य मिला था। विभाग के अधिकारी, कर्मचारी विवाह के लिए जोड़े नहीं ढूंढ पाए। बुधवार को शासकीय उमावि क्रमांक 2 में आयोजन हुआ तो मात्र 29 जोड़े ही समारोह में शामिल हुए। इनमें नीमच नपा से दो, जनपद नीमच से 13, मनासा से 9 जावद से 3, नपं सरवानिया महाराज से दो जोड़े शामिल हुए। अफसरशाही और पर्याप्त प्रचार के अभाव में जिले में लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।

7 वचन के साथ लिए फेरे

शासकीय उमावि क्रमांक 2 मैदान में कन्यादान योजना में 29 जोड़ों ने 7 वन के साथ फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरूआत की। गायत्री परिवार के पंडितों द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ विवाह कराया गया। मुख्य अतिथि विधायक दिलीपसिंह परिहार, जिपं अध्यक्ष अवंतिका जाट, नपाध्यक्ष राकेश जैन ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। गृहस्थी का सामान, नकद राशि व उपहार सामग्री भेंट कर विदाई दी।

प्यास से सूखते रहे कंठ, गर्मी से परेशान होते रहे मेहमान

विवाह समारोह स्थल पर अव्यवस्था भी दिखाई दी। वर-वधू के साथ मेहमानों को गर्मी से बचाव के लिए कूलर व ठंडे पानी के इंतजाम नहीं थे। शादी पंडाल के बाहर नपा का टैंकर खड़ा किया था। जिसमें धूप के कारण पानी गर्म होने से लोग इसका उपयोग नहीं कर सके। ठंडे पानी के लिए मेहमान इधर-उधर भटकते नजर आए। दुकानों से पानी की बोतल या पाउच खरीदकर कंठ गीले किए। पंडाल में लगाए पंखे भी तेज गर्मी के कारण गर्म हवा दे रहे थे।

धाकड़ समाज के 43 जोड़ों का विवाह

अभा धाकड़ समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 43 जोड़े हुए।

जावद | अभा धाकड़ समाज के 43 जोड़ों का सामूहिक विवाह व तुलसी विवाह गुरुद्वारा व्यायाम समिति में हुआ। अध्यक्ष घीसालाल अन्याणा ने बताया सुबह 9 बजे गुरुद्वारा मंदिर से ढोल ढमाकों के साथ भगवान की शोभायात्रा निकाली। 11 बजे तोरण रस्म हुई। दोपहर 12 बजे गणपति स्थापना कर गायत्री मंत्र के विवाह संपन्न करवाया। सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष देवीलाल धाकड़, कांग्रेस नेता समंदर पटेल, रतलाम जिपं उपाध्यक्ष डीपी धाकड़, शौकीन धाकड़, शौकीन पटेल, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि पूरणमल अहीर, चंद्रकला धाकड़, शंभूलाल धाकड़ उपस्थित थे ।

पाटीदार समाज के 53 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे...पाटीदार समाज का विवाह सम्मेलन पाटीदार धर्मशाला जीरन में हुआ। इसमें 53 जोड़ें परिणय सूत्र में बंधे। सुबह 7.30 बजे गणपति स्थापना के साथ विवाह के रस्म शुरू हुई। दोपहर 3 बजे बारातों का आगमन, रात 11 बजेेे पं. विक्रम शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह सम्पन्न करवाया।

खबरें और भी हैं...