अव्यवहारिक नियम के विरोध में रैली व धरना आज
नीमच | जिले के निजी विद्यालयों द्वारा स्कूलों के प्रति शासन के अव्यवहारिक नियमों के विरोध में आज जिले के समस्त विद्यालय संचालकों की विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। संघ के सचिव प्रवीण अरोन्देकर ने बताया मंगलवार सुबह 10 बजे जिले के सभी संचालक स्थानीय गांधी वाटिका पर एकत्रित होंगे और यहां से वाहन में कलेक्टोरेट पहुंचेंगे। जहां फीस प्रतिपूर्ति, शुल्क वृद्धि एवं छात्रों से शुल्क लेने के अधिकार के संबंध में धरना प्रदर्शन के साथ सदबुद्धि यज्ञ किया जाएगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन कलेक्टर को दिया जाएगा। अशासकीय शिक्षण संस्था संघ के जिला अध्यक्ष अजय भटनागर ने जिले की सभी निजी शिक्षण संस्थाओं के संचालकों से रैली में उपस्थित होने का अनुरोध किया है।