अनदेखी से बदहाल इन्दिरा नगर, स्वच्छता अभियान पर उठे सवाल
नगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का असर इन्दिरा नगर में कहीं भी नहीं दिखाई नहीं दे रहा। डाक बंगले के समीप राजीव नगर बस्ती, विस्तार के सामने बने बगीचे व मेन रोड पर सीवर का गंदा पानी सड़कों पर पसरा होने से क्षेत्र में सड़ांध और गंदगी फैली है। जिससे रहवासियों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
रहवासियों ने बताया बीते सात दिनों से सीवर चैम्बर से गंदा पानी बाहर निकल घरों के सामने सड़कों पर बह रहा है। पार्षद को सूचना देने और स्वास्थ्य कर्मी को पता होने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिसके चलते रहवासियोें में आक्रोश व्याप्त है। पूर्व में सफाईकर्मियों ने चैम्बर साफ तो किया पर रविवार से फिर से पानी बहने लगा और समस्या जस की तस रही। समस्या का जल्द समाधान न होने पर रहवासियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पूर्व पार्षद मुकेश पोरवाल व सामाजिक नेता मनीष चान्दना ने शिकायत मिलने पर क्षेत्र का दौरा कर वस्तु स्थिति देखी। उन्होंने इन्दिरा नगर के हालात के लिए वर्तमान पार्षद पर अनदेखी का आरोप लगाया। विस्तार व राजीव नगर के पास स्थित बगीचे में पोलीथिन का कचरा भारी मात्रा में पड़ा है। यहां गाय पोलीथिन खा रही है जिससे उसका स्वास्थ्य खराब हो सकता है। रहवासियों ने क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों कमी बताई उनके मुताबिक यहां मात्र 5 से 6 कर्मचारी ही सफाई करते नजर आते है।