महामाया भादवामाता में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 3.55 करोड़ रुपए की लागत से बना श्रद्धा भवन उद्घाटन के इंतजार में डेढ़ साल से बंद है। चुनाव में राजनीतिक लाभ के लिए जनप्रतिनिधि इसे शुरू नहीं कर रहे हैं। भीषण गर्मी में दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को इधर-उधर बैठना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी की जल्द ही भवन शुरू नहीं हुआ तो हम ताला खोलकर श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध करवाएंगे।
युकां प्रदेश सचिव तरुण बाहेती ने बताया सर्वसुविधायुक्त श्रद्धा भवन 30 मार्च 2017 को तैयार हो गया। करीब 700 लोगों की क्षमता वाले भवन में नल, बिजली की व्यवस्था भी हो गई। इसके बाद भी ताला लगा हुआ है। निमार्ण पूरा होने के बाद ठेकेदार ने 75 लाख रुपए के डिमांड नोट प्रशासन को थमा दिए। ऐसे में भवन निर्माण की स्वीकृत राशि 2 करोड़ 81 लाख से बढ़कर 3 करोड़ 55 लाख रुपए पहुंच गई। बाउंड्रीवॉल, गेट निर्माण, गार्ड रूम, सड़क और ड्रेनेज कार्य के लिए 20 नवंबर 2017 को 68 लाख 18 हजार प्रस्ताव बनाकर भेजा। शासन से इसकी अब तक स्वीकृति नहीं मिली। बाहेती ने कहा भवन जल्द नहीं खोला तो कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर भवन के ताले खोलकर मरीजों को ठहरायेंगे । इसके लिए सभी समाजों के प्रमुखों और समाजसेवी संस्थाओं व बुद्धिजीवी वर्ग को पत्र लिखकर भवन चालू कराने के अभियान में सहयोग का आग्रह करेंगे।