नगर पालिका द्वारा शहर के तीन वार्डों में सीमेंट-कांक्रीट सड़क, एप्रोच रोड सहित अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। इससे करीब 25 हजार लोगों को सुविधा मिलेगी। इन कार्यों पर सवा करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
प्रदेश सरकार योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी देने तथा आमजन की समस्या सुनने के लिए विकास यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय मंडल के वार्ड क्रमांक 6, 7 व 8 में यात्रा पहुंची। भगवानपुरा चौराहे पर तीनों वार्ड में होने वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक दिलीपसिंह परिहार थे। अध्यक्षता नपाध्यक्ष राकेश जैन ने की। विशिष्ट भेरूलाल किलोरिया, विश्वदेव शर्मा, महेंद्र भटनागर, उपाध्यक्ष ममता सोनी थीं। नपाध्यक्ष ने कहा साढ़े तीन वर्ष में जितने विकास कार्य शहर में हुए हैं उतने 60 साल में नही हुए। प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान से जनता जागरूकता आई है। इससे शहर स्वच्छ दिखने लगा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में आवासहीनों के मकान का सपना पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहर को अरबों रुपए के कार्यों की सौगात दी। इसमें उत्कृष्ट सड़कें, उद्यानों व चौराहों का कायाकल्प तथा सीवरेज का कार्य प्रगति पर है।
शहर के तीन वार्डों में विकास यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोग।
केंद्र व राज्य सरकार की सभी वर्गों के लिए कई योजनाएं
विधायक परिहार ने कहा भाजपा जो कहती है वह करती है। केंद्र व राज्य में भाजपा सरकार के कार्यकाल में मजदूर, किसान, विद्यार्थी, बेरोजगार, बालिका, वृद्ध, युवा वर्गों के उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की है। विकास यात्रा के माध्यम से पात्र हितग्राही को योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। नगर अध्यक्ष विश्वदेव शर्मा, महामंत्री विजय बाफना, महेंद्र छपरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना जायसवाल, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश यादव, पवन भील, पार्षद सुशीला सिंह, राकेश किलोरिया, राजूदेवी भील उपस्थित थीं।