डिजिटल शिक्षा : प्रदेश की मेरिट में बनाया स्थान, 39 को मिलेंगे लेपटॉप
माशिम ने बोर्ड परीक्षा परिणाम में जावद क्षेत्र में लागू डिजिटल शिक्षा का प्रभाव नजर आ रहा है। विद्यार्थियों ने मेरिट में अपना स्थान बनाया है। प्रदेश की मेरिट में 12 वीं में झांतला के मुकेश चौधरी तो जिले की मेरिट में कदवासा की छात्रा ललिता धाकड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जहां एक ओर पूरे जिले में 10वीं का परिणाम 84.53 व कक्षा 12 वीं का परिणाम 88.77 प्रतिशत रहा। वहीं जावद विधानसभा के मात्र सरकारी स्कूल का 10वीं 89.73 व कक्षा 12 वीं का 90.8 फीसदी परिणाम रहा। 12 वीं करीब 39 विद्यार्थियों को लेपटॉप मिलेगा। 20 सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में करीब 719 विद्याथियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 34 बच्चों ने मेरिट में स्थान बनाया है। 10वीं में 685 विद्याथियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 34 विद्याथियों ने मेरिट अपना स्थान बनाया है। विधानसभा में कक्षा 10 वीं में 14 व 12 वीं में 3 स्कूलों का परिणाम 100 फीसदी रहा।
संस्कृत विषय में 100 में से 100 नंबर
हिंदी, गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान जैसे विषय में 100 में से 100 अंक लाना आसान है लेकिन संस्कृत जैसे विषय में 100 फीसदी अंक आना मुश्किल है लेकिन कन्याशाला जावद की 10 वीं की खुशबू पिता कोमलचंद्र, नीलम पिता राजेश व सुमन पिता कमलेश ने संस्कृत में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए।
10वीं का 3% व 12वीं का 6% परिणाम बढ़ा
जावद में डिजिटल करने के बाद आया अंतर परिणाम को देखकर लगाया जा सकता है। पिछले साल की तुलना में जावद विधानसभा के परिणाम में 10वीं में 3 फीसदी वहीं 12 वीं 6 फीसदी परिणाम बढा है। जावद विधानसभा के सरकारी स्कूल में कक्षा 10 वीं का परिणाम 89.73 फीसदी एवं कक्षा 12 वीं का 90.8 फीसदी रहा।
लैपटॉप पाने वालों में ग्रामीण क्षेत्र के कई बच्चे
कक्षा 12 में 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लेपटॉप की पात्रता होती है। इसमें भी जावद विधानसभा के डिजिटल शिक्षा के माध्यम से सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों ने रिकार्ड तोड़ दिया है। जावद विधानसभा के करीब 39 विद्यार्थियों को लेपटॉप मिलेगा। इसमें 34 विद्यार्थियों 85 फीसदी अंक प्राप्त कर मेरिट लिस्ट में अपना स्थान बनाया है। वहीं अजा, अजजा एवं विमुक्त घुमक्कड़-अर्द्धघुमक्कड़ जाति के 6 विद्यार्थी शामिल है। जिन्हें नियमानुसार 75 फीसदी अंक की प्राप्त करने पर लेपटॉप मिलेगा। इसमें सरवानिया महाराज के 3 एवं उत्कृष्ट जावद के 3 विद्यार्थी शामिल है।
ये स्कूल करेंगे डिजिटल
हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूल परीक्षा में डिजिटल शिक्षा का प्रभाव देखते हुए जावद में दूसरे स्कूलों को भी डिजिटल करने की योजना बनाई गई है। जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा जावद विधानसभा में शासकीय हायरसेकंडरी एवं हाईस्कूल मिलाकर कुल 39 स्कूल है। इसमें सभी हायरसेकंडरी स्कूल कुल 20 के साथ करीब 10 हाईस्कूल काे डिजिटल कर दिया गया है। शेष स्कूल को डिजिटल करने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें खेडा भनगोता, बांगरेड, बोरदिया, सरोदा, बावल, आलोरी, रामनगर, बराडा, कन्या डीकेन स्कूल का इस सत्र में डिजिटल कर दिया जाएगा।