पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नगरपालिका को अब एक माह में शहर के दो बड़े नालों से हटाना हाेगी जलकुंभी

नगरपालिका को अब एक माह में शहर के दो बड़े नालों से हटाना हाेगी जलकुंभी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर के तीन प्रमुख बड़े नालों से जलकुंभी हटाने का काम शुरू नहीं हुआ है जबकि मई का पहला पखवाड़ा बीत चुका है। जून में मानसून दस्तक देगा। ऐसे में नगरपालिका के लिए नालों में फैली करीब 3 किमी क्षेत्र में फैली जलकुंभी चुनौती बनेगी। समय रहते जलकुंभी नहीं हटाई तो एक दर्जन से ज्यादा बस्तियां और क्षेत्र में लोगों के घरों में पानी घुस जाएगा।

शहर में संजीवनी तालाब, जयसिंहपुरा रोड शिवघाट नाला और नीमच सिटी का नाला है। इनमें गाद के साथ जलकुंभी की समस्या गंभीर है। नगर पालिका प्रशासन बारिश पूर्व गर्मी से नालों से जलकुंभी हटाने के दावा कर रहा है। स्वच्छता अभियान के तहत नपा ने संजीवन तालाब में कुछ माह पहले जलकुंभी हटाई लेकिन अनदेखी के कारण जलकुंभी फिर तालाब में फैल गई। दूसरी ओर दूसरी शहर के अन्य दो नालों से नगरपालिका ने एक भी बार जलकुंभी नहीं निकाली। नालों में जलकुंभी कम होने की बजाय पहले की तुलना में ज्यादा हो गई है। जलकुंभी बढ़ने से नालों के आसपास के रहवासी क्षेत्र में बाढ़ की आशंका है। रहवासियों की मानें तो नपा कर्मचारी जलकुंभी हटाने के नाम पर औपचारिकता करते हैं। इससे आज तक जलकुंभी कम नहीं हो पाई है।

सफाई अभियान नहीं चलाने से अभी ऐसी स्थिति है नालों की

महू-नसीराबाद मार्ग पर स्थित बड़े नाले पर फैली गंदगी।

यहां जलकुंभी की मात्रा ज्यादा

एकता कॉलोनी, आम्बेडकर कॉलोनी, महू रोड पुलिया, नीमच सिटी क्षेत्र, सांवरिया जी मंदिर के पीछे, संजीवनी नाला, विकास नगर, जवाहर नगर, ग्वालटोली व डॉ गुप्ता नर्सिंगहोम सहित नीमच सिटी क्षेत्र सांवलियाजी मंदिर से लेकर शहाबुद्दीन दरगाह एवं रावण रुंडी क्षेत्र शामिल हैं।

यहां बाढ़ के बनेंगे हालात

एकता कॉलोनी, आम्बेडकर कॉलोनी, जयसिंहपुरा रोड की रहवासी बस्ती, मूलचंद मार्ग, खारीकुआं क्षेत्र, महू रोड बस स्टैंड, माधोपुरी बालाजी के समीप की रहवासी बस्ती, विकास नगर, जवाहर नगर, बगीचा नंबर 4 व 5, बस स्टैंड के पास की कॉलोनियां व नीमच सिटी क्षेत्र हिस्सा व अन्य क्षेत्र।

कोई ठोस योजना नहीं

नियमित सफाई छोड़ो नपा संजीवनी तालाब की सफाई नहीं करवा सकी। जलकुंभी हटाने के लिए नपा के पास ठोस योजना नहीं है। बारिश से पहले तालाब की सफाई नहीं की है। मंजू बंसल, विकास नगर।

शिकायत पर नहीं होती सुनवाई

रहवासियों को सुविधाएं नहीं मिल रही है। बड़े नाले कच्चे हैं जिससे पक्का करने के लिए जनप्रतिनिधि रुचि नहीं दिखा रहे। मच्छर पनप रहे हैं । लोग बीमार हो रहे हैं। शिकायत के बाद कोई सुनवाई नहीं हो रही। फागिंग मशीन नगरपालिका इस क्षेत्र में नहीं चलवा रही है और न मच्छरनाशक दवाई का छिड़काव हो रहा है। सोनम जैन, विकास नगर

जलकुंभी से यह परेशानी

बारिश में बहाव प्रभावित होगा। इससे पानी रहवासी क्षेत्रों में घुसेगा। जलकुंभी से नाले में डली पानी की पाइप लाइन को नुकसान संभव है। जलकुंभी और पानी के दबाव से पुलिया को नुकसान की आशंका रहेगी। साल की बाढ़ से नहीं लिया सबक पिछले साल जलकुंभी और बाढ़ के पानी से महू रोड पुलिया के समीप पाइप लाइन व स्टैंड को नुकसान पहुंचा था। जयसिंहपुरा रोड पुलिया की रेलिंग व कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा था। पानी का बहाव बाधित होने से कई कॉलोनियों तक पानी ने दस्तक दे दी थीं।

हटाएंगे जलकुंभी

शहर के सभी नालों से एक-एक कर जलकुंभी हटाई जा रही है। जल्द सभी स्थानों से जलकुंभी खत्म हो जाएगी। ज्यादा बारिश की दशा में परेशानी नहीं आएगी। संजेश गुप्ता, सीएमओ, नपा

खबरें और भी हैं...