- Hindi News
- National
- 7 राज्यों में 50 से ज्यादा जगह से एटीएम चुराने वाले गिरोह के सदस्य को नीमच पुलिस ने हरियाणा में पकड़ा
7 राज्यों में 50 से ज्यादा जगह से एटीएम चुराने वाले गिरोह के सदस्य को नीमच पुलिस ने हरियाणा में पकड़ा
नीमच पुलिस ने 7 राज्यों में एटीएम काटकर रुपए चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। एक आरोपी को हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया है। उससे 1 लाख पांच हजार रुपए जब्त किए। मामले में फरार 7 आरोपियों पर एसपी टीके विद्यार्थी ने 5-5 हजार हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
23 मार्च की रात में शहर के महू रोड स्थित एसबीआई के एटीएम को रात में गैस कटर से काटकर चोरों ने करीब 16 लाख 79 हजार 700रुपए चुराए थे। मुख्य मार्ग के एटीएम से लाखों रुपए चोरी के मामले में पुलिस को मामले में किसी अंतरराज्यीय गिरोह के हाथ होने का सबूत मिला। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और साइबर सेल की मदद ली। सीसीटीवी फुटेज में एक आई 20 कार में रुपए लेकर आरोपी जाते नजर आए। इस आधार पर पुलिस ने हाईवे के टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज का रिकार्ड खंगाला। पुलिस को चोरी की घटना में हरियाणा के मेवाती गैंग का हाथ होने के सबूत मिले और पुलिस टीम हरियाणा के पलवल पहुंची। पलवल के बुराखा में पुलिस काे एटीएम चोर गिराेह के एक सदस्य के होने की जानकारी मिली। कार्रवाई करते हुए 10 दिन पहले अारोपी को पकड़ा। राजू उर्फ ताहिर पिता गफूर नाई मेवाती से पूछताछ करने पर उसने नीमच में चोरी करना स्वीकार किया और एटीएम से चोरी रुपए गैंग के 8 लोगों को बांटने की बात कही। एसपी टीके विद्यार्थी ने बताया नीमच में एटीएम चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह ने देश के कई राज्यों में एटीएम काटकर रुपया चोरी किया है। हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल शामिल है। गिरोह के लोगों की 6-7 टीमें हैं और हर टीम में 8-10 सदस्य है। गिरोह देश के कई राज्यों में वारदात करता है। राजू पहले भी नीमच आया था और घटना को अंजाम देने के लिए दो दिन से रैकी कर रहा था। महू रोड पर एटीएम के आसपास वाहन खड़े रहते हैं और मुख्य बाजार से एटीएम दूर है। एटीएम पर गार्ड भी नहीं था और सीसीटीवी कैमरा बंद था। इसलिए चोरों ने इसे निशाना बनाया और एटीएम के सामने एक ट्रक खड़ा कर दिया। ट्रक के साइड से कार खड़ी की और एटीएम गैस कटर से काटकर रुपया निकाला। रुपया कार में लेकर आरोपी भाग गए और ट्रक ले गए। आरोपी राजू से पूछताछ चल रही है और मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जहां वारदात करते थे वहां नहीं रुकते रात
एटीएम चोर गिरोह का वारदात करने का तरीका अलग है। एक कार और एक ट्रक लेकर आरोपी चलते हैं। ट्रक में एटीएम काटने के लिए गैस कटर, बड़े चाकू और अन्य सामान लाते हैं। दो तीन दिन तक शहर के एटीएम की रैकी करते हैं और जहां आसानी से वारदात की जा सके वहां चोरी करते हैं। एटीएम के आगे ट्रक खड़ा कर देते हैं और वारदात को अंजाम देते हैं। जिस शहर में चोरी करते हैं उस शहर में आरोपी रात नहीं रुकते हैं।
60 हजार बैंक से निकाले,
पुलिस ने हरियाणा के पलवल के बुराखा से अारोपी राजू काे पकड़ा। आरोपी ने बताया 8 लोगों में 16 लाख 79 हजार 700 रुपए बांटे हैं। मेरे हिस्से में 1 लाख 5 हजार रुपए आए और उसमें से 60 हजार रुपए बैंक में जमा है जबकि 45 हजार रुपए नकद रखे हैं। पुलिस ने आरोपी को साथ लेकर रुपया जब्त किया और बाकी आरोपियों के लिए जगह-जगह दबिश दी लेकिन सफलता नहीं मिली।
अब तक 50 वारदात की
अंतरराज्यीय एटीएम चोर गिरोह देश में सात राज्यों में वारदातों को अंजाम देता है। इसमें 6-7 टीमें अलग अलग राज्यों में गैस कटर से एटीएम काटकर रुपया चुराते हैं और हरियाणा के पलवल भाग जाते हैं। एएसपी जितेंद्रसिंह पंवार ने बताया अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि गिरोह में अलग अलग राज्यों में करीब 50 वारदात को अंजाम दिया है। एक एटीएम काटकर रुपया निकालने में महज 12 से 14 मिनट लगते हैं और घटना को अंजाम देकर आरोपी कार से भाग जाते हैं।