- Hindi News
- National
- बर्खास्त एडीजे श्रीवास कल सुबह 7 बजे बाइक से नईदिल्ली के लिए होंगे रवाना
बर्खास्त एडीजे श्रीवास कल सुबह 7 बजे बाइक से नईदिल्ली के लिए होंगे रवाना
नीमच के बर्खास्त अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके श्रीवास गुरुवार सुबह 7 बजे से न्याय यात्रा शुरू करेंगे। वे बाइक से नईदिल्ली तक न्याय यात्रा करेंगे।
नीमच के अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश (एडीजे) आर.के. श्रीवास ने नीमच में सुबह ज्वाइन किया और शाम को उन्हें निलंबित कर दिया था। 19 अगस्त को नीमच से जबलपुर तक साइकिल से न्याय यात्रा की शुरुआत की। 26 अगस्त को जबलपुर पहुंचकर उच्च न्यायालय के सामने धरना दिया। धरने के तीसरे दिन उच्च न्यायालय के सामने प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी थी, जिसका पालन करते हुए उन्होंने अपना धरना खत्म कर दिया और नीमच लौट आए। तबादला नीति की अनदेखी करते हुए एडीजे का डेढ़ साल के भीतर धार से शहडोल, शहडोल से सिहोरा, सिहोरा से जबलपुर हाईकोर्ट और नीमच कर दिया गया। 8 अगस्त, 2017 को नीमच में उन्होंने 2 बजे कार्यभार ग्रहण किया था और शाम 6 बजे उन्हें फैक्स से निलंबन आदेश प्राप्त हुआ। बाद में श्रीवास को अनिवार्य रूप से सेवानिवृति दे दी और उन्होंने न्याय की लड़ाई के लिए बाइक से नीमच से नईदिल्ली तक बाइक से न्याय यात्रा निकालने का ऐलान किया था। श्रीवास ने बताया गुरुवार सुबह 7 बजे नीमच में अपने निवास स्थान न्याय यात्रा की शुरुआत करेंगे। साथ ही परिवार के सदस्य और मित्र रहेंगे जो बारी-बारी से नईदिल्ली तक साथ रहेंगे। नईदिल्ली में सुप्रीम कोर्ट से न्याय की गुहार लगाई जाएगी।
दुर्भावना के साथ कार्रवाई की, न्याय मांगूगा
बर्खास्त अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके श्रीवास का कहना है उच्चतम न्यायालय के निर्णयों का स्पष्ट उल्लंघन करते हुए मेरे साथ दुर्भावनापूर्वक कार्रवाई की गई है। मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर जांच करायी जाए।