नपा ने नहीं तोड़ी 3 अवैध दुकानें, अब घेराव और धरना-प्रदर्शन करेंगे
नगरपालिका परिषद के विशेष सम्मेलन में मनासा रोड पर भाजपा नेता द्वारा यात्री प्रतीक्षालय के पास सार्वजनिक शौचालय तोड़कर तीन दुकानों का निर्माण करने का मामला गर्माया था। परिषद अध्यक्ष व सीएमओ ने कांग्रेस पार्षदों को एक सप्ताह में कार्रवाई कर अतिक्रमण ध्वस्त करने का आश्वासन दिया था। लेकिन नौ दिन बाद भी कार्रवाई नहीं की। कांग्रेस नेताओं ने कहा विधायक के दबाव में नपा कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके जवाब में विधायक बोले- मेरा कोई हस्तक्षेप नहीं है।
परिषद के विशेष सम्मेलन में सात मई को शहर विकास के 141 प्रस्तावों को पेश किया था। इसमें कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा नेता संतोष पंजाबी द्वारा किए अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं होने से हंगामा शुरू कर दिया था। सीएमओ व परिषद पर भाजपा जनप्रतिनिधियों के दबाव में कार्रवाई नहीं करने तथा शहर में अवैध कब्जे बढ़ने का आरोप लगाया था। सीएमओ ने एक सप्ताह में अतिक्रमण ध्वस्त कर जमीन को मुक्त कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन नौ दिन बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस ने विधायक दिलीपसिंह परिहार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे नपा को कार्रवाई करने से रोक रहे हैं। कांग्रेस पार्षदों व नेताओं ने चेतावनी दी कि शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई तो नपा कार्यालय का घेराव व धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस ने विधायक पर लगाया दबाव का आरोप
भाजपा नेता द्वारा शौचालय की जगह बनाईं दुकानें।
कांग्रेस पार्षद- विधायक करा रहे हैं अवैध कब्जे
शहर में भाजपा नेता विधायक परिहार के संरक्षण में शासकीय जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। नपा सम्मेलन में दो बार कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया। लेकिन अब तक कहीं से भी अतिक्रमण नहीं हटाए। कांग्रेस पार्षद लोक्स और प्रजापति ने कहा कार्रवाई नहीं हुई तो अब धरना आंदोलन करेंगे।
विधायक- राजनीति चमकाने को ऐसा बोल रहे
कांग्रेस के पार्षद राजनीति चमकाने के लिए मेरे नाम का उपयोग कर रहे हैं। मेरा इससे कोई लेना देना नहीं है। यह काम नपा का है वह कार्रवाई करें। अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण चिह्नित कर कार्रवाई करें। कांग्रेस पार्षद राजनीति कर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
सीएमओ- तारीख तय नहीं, करेंगे कार्रवाई
सीएमओ संजेश गुप्ता ने फिर पुराना राग अलापते हुए कहा अवैध कब्जे हटाने के लिए जल्द कार्रवाई करेंगे। अभी इसकी तारीख तय नहीं की है। अभी बड़े मामलों की कार्रवाई कर रहे हैं। संतोष पंजाबी का अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। शहर में अवैध कब्जे हटाने की योजना बनाई गई है।
यह है पूरा मामला
मनासा रोड पर भगवानपुरा चौराहे के नजदीक प्रतीक्षालय के पास सुविधाघर को तोड़कर खंडूजा ने तीन दुकानें बना ली है। नपा, कलेक्टर, प्रभारी मंत्री और सीएम हेल्पलाइन पर 16 दिसंबर 2017 को शिकायत की गई। लेकिन नपा ने सिर्फ नोटिस जारी किया। वर्तमान में ये जमीन एक करोड़ रुपए से अधिक की है। कांग्रेस पार्षद महेंद्र लोक्स और योगेश प्रजापति ने प्रभारी मंत्री अर्चना चिटनीस को ज्ञापन दिया था। इसके बावजूद नपा व जिला प्रशासन द्वारा जमीन को मुक्त नहीं करवाया।