बघाना के लोगों के जल्द राहत भरी खबर मिलने वाली है। सालों के इंतजार के बाद बघाना अंडरब्रिज के टेंडर 23 मई को रतलाम में खुलेंगे। इसके बार वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया होते ही जून से निर्माण शुरू हो जाएगा। अंडरब्रिज बनने पर 35 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
अंडरब्रिज के लिए नगर पालिका ने रतलाम मंडल को 2.31 करोड़ रुपए जमा कराए थे। इससे 10 फीट ऊंचा और 15 फीट चौड़ा अंडरब्रिज बनेगा। यहां से छोटे-बड़े सारे वाहन आसानी से निकल सकेंगे। रेलवे फाटक बंद होने पर लोगों को ट्रेन निकलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नीमच स्टेशन से प्रतिदिन 30 ट्रेनों का आवागमन होता है। इसके अलावा मालगाड़ियां भी निकलती है। ऐसी स्थिति में प्रत्येक 30 मिनट में फाटक को 10 से 15 मिनट तक बंद रखा जाता है। रात के समय फाटक बंद होने के बाद कब खुलेगी इसका भी अंदाजा नहीं रहता। ऐसे में वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है।
2012 में नगर पालिका ने बनाया था प्रस्ताव, 7 साल बाद आकार लेगी योजना
बघाना रेलवे फाटक पर ट्रेन निकलने के इंतजार में इस तरह खड़ा रहना पड़ता है।
दलावदा का अंडरब्रिज निर्माण पूरा
जिला मुख्यालय को 15 गांवों के साथ प्रतापगढ़ जिले से जोड़ने वाले दलावदा-जमुनियाकलां के बीच स्थित फाटक नंबर-127 पर अंडरब्रिज का निर्माण पूरा हो गया है। सवा करोड़ रुपए की लागत से ब्रिज के दोनों तरफ 70-70 फीट लंबे सीसी-एप्रोच रोड, सुरक्षा दीवार और नाली निर्माण कराया गया है। हर्कियाखाल-प्रतापगढ़ जाने के लिए लोगों को ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने पर परेशानी का सामना करना पड़ता था। अंडरब्रिज बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
बघाना अंडरब्रिज की योजना 2012 से चल रही थी। पूर्व में रेलवे ने 24 हजार रुपए का डिमांड नोट ड्राइंग डिजाइन के लिए नपा को भेजा था। तत्कालीन नपाध्यक्ष नीता दुआ व परिषद ने 6 फरवरी 2012 को प्रस्ताव पारित कर रेलवे को भेज दिया था। इसके बाद प्रक्रिया चलती रही और वर्तमान परिषद ने रेलवे को निर्माण की संपूर्ण राशि एक मुश्त जमा करवाई। रेलवे ने इंजीनियरों की टीम से सर्वे करवाया तथा उपयुक्त स्थान का ड्राइंग डिजाइन तैयार करवाया। रेलवे के मुंबई मुख्यालय ने डिजाइन को फाइनल किया और टेंडर मंगवाए गए थे और अब टेंडर खुलने के बाद जून में काम शुरू हो जाएगा। करीब तीन महीने में अंडरब्रिज की सुविधा मिल जाएगी।