जिला अस्पताल में समाजसेवी देंगे 100 बेड, कूलर, पंखे व वाटर कूलर
जिला अस्पताल के पलंग पर मरीजों को जल्द ही नए बेड मिल जाएंगे, गर्मी से राहत के लिए कूलर, पंखे तथा ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर की सुविधा मिल जाएगी। यह सौगात शहर के समाजसेवियों द्वारा दी जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा दो महीने पहले कायाकल्प की योजना बनाई। इसमें जिन संस्थाओं ने सहयोग देने की घोषणा की थी उन्होंने अब तक राशि उपलब्ध नहीं करवाई। अस्पताल के विकास कार्य रुके हुए हैं।
जिला प्रशासन ने जनसहयोग से जिला अस्पताल में मरीजों को निजी अस्पताल की तर्ज पर सुविधा देने की फरवरी में योजना तैयार की। इस काम को पूरा करने का लक्ष्य 6 महीने रखा गया। इसके तहत परिसर की रंगाई-पुताई के साथ चित्रकारी करवाई गई। लेकिन अल्ट्राटेक, अडानी ग्रुप, धानुका सोया, बैंकर्स के साथ उद्योगपतियों ने राशि देने की घोषणा की थी। लेकिन मार्च में वित्तीय वर्ष समाप्ति तक इनके द्वारा राशि उपलब्ध नहीं कराने से आगे की कार्य योजना ठप हो गई। इन संस्थाओं को नए वित्तीय वर्ष में फिर से योजना से अवगत करवाया। अब अप्रैल अंत तक सभी से सहयोग राशि प्रशासन को मिलने की संभावना है। इसके बाद योजना अनुसार काम तेजी से पूरे करवाए जाएंगे। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रमसिंह ने बताया जल्द ही मरीजों को अस्पताल में सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। जनसहयोग के साथ स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन भी अलग-अलग मद से काम कराएगा।
दो सर्वसुविधायुक्त हॉल बनाएंगे -मरीज व परिजन के लिए सुविधाएं जुटाई जाएगी। मरीज के परिजन को ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त दो हॉल इसमें महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। जहां सशुल्क बेडशीट, कंबल, तकिया, पलंग, गद्दे उपलब्ध कराए जाएंगे। परिसर में आकर्षक पौधे इनमें ऐरीका पाॅम, फ्राईक ग्रीन, टेबल पाॅम, टेसीना, क्रिसमस ट्री, प्वाईंट सीरिया, पाॅम लेमन, फ्यूज, आइएक्सओरा, कोसनड्रा के पौधे रोपे जाएंगे।
इन संस्थाओं को दी जिम्मेदारी
जिला अस्पताल में इस स्वरूप में बनेगा वेटिंग हॉल।
अल्ट्राटेक को परिसर की इलेक्ट्रिफिकेशन कराने, आेपीडी व मरीजों के लिए वेटिंग हॉल को संवारने, पीडब्ल्यूडी को रंग रोगन करने, धानुका सोया ने चित्रकारी की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके अलावा समाजसेवी माणकलाल सोनी ने 100 आधुनिक बेड देने की घोषणा की। समाजसेवी संस्थाओं और समाजसेवियों ने वार्डों में पंखे, कूलर, वाटर कूलर लगाने की सहमति दी है। अस्पताल परिसर में गार्डन का निर्माण, बैठने के लिए आकर्षक कुर्सियां लगाई जाएगी तथा अस्पताल परिसर में आधुनिक टॉयलेट सुविधाघर बनाए जाएंगे।