सिंगोली में तौल पूरा, नीमच और मनासा में 19 तक चलेगी खरीदी
नारकोटिक्स विभाग द्वारा जिले के तीन खंडों में अफीम खरीदी की जा रही है। इसमें सिंगोली में तौल पूरा हो गया है। नीमच, मनासा में 19 अप्रैल तक अफीम तौल चलेगा। रामपुरा में 597 किसानों से अफीम खरीदी बाकी है।
नीमच खंड में 14 अप्रैल तक 161 गांवों के 3368 किसानों से अफीम खरीदी गई। इसमें नीमच के 63 गांवों के 1664, जीरन के 50 गांवों के 874 और जावद के 48 गांवों के 848 किसानों ने 2 लाख 33 हजार 72 किलो 720 ग्राम अफीम विभाग को सौंपी। इन्हें 3 करोड़ 13 लाख 93 हजार 400 रुपए का भुगतान किया है। मनासा में 15 अप्रैल तक 127 गांव के 3325 किसानों से 2 लाख 17 हजार 97 किलो 600 ग्राम अफीम खरीदकर 2 करोड़ 17 लाख 97 हजार900 रुपए का भुगतान किया। सिंगाेली केंद्र पर 14 अप्रैल तक 31005 किसानों से 2 लाख 24 हजार 26 किलो 200 ग्राम अफीम खरीदी गई। सभी जगह से खरीदी गई अफीम विभाग ने अल्कोलाइड फैक्टरी को भेज रहा है। अफीम की प्रारंभिक जांच तौल केंद्र पर बनी लैब में करने के बाद किसानों को 90 फीसदी राशि का भुगतान किया। अल्कोलाइड फैक्टरी में मार्फिन की जांच के बाद बाकी राशि का भुगतान किया जाएगा।
दाम बढ़ाने की मांग
तीन साल से केंद्र सरकार अफीम के दाम बढ़ाने के प्रस्ताव मंगा रही है लेकिन इस पर अब तक निर्णय नहीं लिया। दलपत पाटीदार, श्रीराम ब्राह्मण और लोकेश नागदा ने केंद्र सरकार से अफीम के दाम बढ़ाने की मांग की है।