सामाजिक समरसता के लिए आज निकालेंगे सद्भावना रैली
भारत बंद के दौरान प्रदेश में घटित अप्रिय घटनाओं के बाद जिला प्रशासन सामाजिक समरसता बनाने के जुट हुआ है। इसी के तहत सोमवार सुबह 7.30 बजे शहर के फव्वारा चौक से जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा सद्भावना रैली निकाली जाएगी। धारा 144 के चलते तीन अधिकारियों ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर रैली की अनुमति मांगी।
जिले में सामाजिक समरसता, सौहार्द एवं विभिन्न वर्गों के बीच प्रेम, भाई चारा बनाए रखने के लिए तहसीलदार गोपाल सोनी, सीएमओ संजेश गुप्ता, कैंट टीआई गिरवर सिंह ने सद्भावना रैली के लिए विधिवत अनुमति प्राप्त की गई है। रैली प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी वाटिका पहुंचेगी। इसमें जनप्रतिनिधि, समाज के सभी वर्गों के प्रमुख पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक,अजाक्स एवं सपाक्स के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। कलेक्टर, एसपी ने समाज के सभी वर्गों के लोगों से इसमें शामिल होने का अनुरोध किया है।