पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जल संरक्षण के लिए शहर की बावड़ियों और कुओं की होगी सफाई, बंद हैंडपंप सुधारेंगे

जल संरक्षण के लिए शहर की बावड़ियों और कुओं की होगी सफाई, बंद हैंडपंप सुधारेंगे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में जलसंवर्धन के लिए नपा दो दर्जन से अधिक प्राचीन बावडिय़ां और कुओं की सफाई करवाएगी। इन जलस्रोतों में 12 महीने पानी रहता है। साफ सफाई और रखरखाव के अभाव में इनका पानी उपयोग में नहीं लिया जाता है। गर्मी में जलसंकट को देखते हुए नपा ने कार्य योजना तैयार की है। इसके तहत 32 कुआें का जीर्णोद्धार तथा बंद पड़े 22 हैंडपंप को ठीक करा कर आमजन के लिए उपयोगी बनाएगी। इस काम में लोगों को जनसहयोग के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। एक समय शहर की जल आपूर्ति के यह संसाधान मुख्य थे। लेकिन अनदेखी के कारण ये जलस्रोत बदहाल स्थिति में पहुंच गए।

शहर के जलाशयों की ये स्थिति

सिटी स्थित भंवरा कुआं एवं शक्कर कुइया 250 वर्ष, मेहनोत नगर की कुइया 175 वर्ष तथा बघाना मार्ग पर पुरानी बावड़ी में 150 वर्ष पुरानी है। इनमें भरपूर पानी है लेकिन सारसंभाल के अभाव में यह दूषित हो गया है। बावड़ी के समीप स्कूल परिसर में प्राचीन कुएं को बंद कर दिया गया। गर्मी में आसपास के लोग इसी कुएं के पानी का उपयोग करते थे। अब नपा इन कुओं का रखरखाव कर आम जन को पानी का मोल समझाने के लिए अभियान चलाएगी।

मूलचंद मार्ग पर स्थित खारी कुआं में भरपूर पानी रहता है। इसकी सुरक्षा के लिए नपा ने बाउंड्रीवॉल कर सुरक्षा जाली लगा दी। अब यहां पानी की मोटर लगाकर पाइप लाइन के माध्यम से वार्ड में पानी सप्लाई किया जाना है। पार्षद इकबाल कुरैशी ने कहा कुएं में इतना पानी है कि गर्मी में टैंकरों को यहां से भरकर वार्डों में पानी सप्लाई किया जा सकता है। टंकी निर्माण व मोटर लगाने के लिए आवेदन दे रखा है। जिस पर नपा ने अब तक निर्णय नहीं लिया है।

स्कीम नं. 9 के कुएं में पानी तो हैं लेकिन यह दूषित हो रहा है। नपा यहां पानी शुद्ध करने का संयंत्र लगाकर आसपास के क्षेत्र में 24 घंटे पानी सप्लाई कर सकती है। लेकिन नपा की अनदेखी के कारण कुआं दूषित हो रहा है।

सिटी स्थिति भंवरकुआं, शिवशक्ति मठ व रावण रुंडी मार्ग स्थित कुआं, शकरकुईया एवं कैंट खारी कुइया, बघाना क्षेत्र के छोटीसादड़ी मार्ग, धनेरियाकलां मार्ग के कुएं और बावडिय़ों से पानी का लोग उपयोग करते थे। लेकिन सफाई के अभाव में इन कुओं का पानी पीने योग्य नहीं रहा।

प्राचीन स्रोतों की करवाएंगे सफाई

नपा हर साल प्राचीन बावडिय़ों व कुओं की सफाई करवाती है। इस बार जहां भरपूर पानी है उन जलस्रोतों कंे साथ सफाई करवाकर उन्हें संवारा जाएगा। ताकि लोगों को पानी मिलता रहे। संजेश गुप्ता, सीएमओ, नगरपालिका नीमच।

खबरें और भी हैं...