दो मंजिला शादी घर 10 महीने तैयार होना था, 4 महीने में आधार ही बना
नगरपालिका ने शहरवासियों के लिए करीब एक करोड़ की लागत से दो मंजिला शादी घर बनाने की योजना तैयार की। इसके लिए गांधी वाटिका के पास रतनदेवी मांगलिक परिसर में दिसंबर 2017 में निर्माण शुरू किया। इसे 10 महीने में तैयार करना था। लेकिन चार महीने में भवन का आधार ही तैयार नहीं हुआ। ऐसे में बाकी के 6 महीने में भवन कैसे तैयार होगा इसका नपा अधिकारियों के पास भी जवाब नहीं है।
नगर पालिका द्वारा नौ मांगलिक भवन का संचालन करती है। जो न्यूनतम शुल्क पर लोगों को शादी समारोह तथा अन्य कार्यक्रम के लिए उपलब्ध करवाती है। लेकिन बड़े भवन की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसको देखते हुए नपा ने दो मंजिला शादी घर बनाने का निर्णय लिया। परिषद में प्रस्ताव पास होने के बाद राशि स्वीकृत की तथा टेंडर प्रक्रिया कर संबंधित ठेकेदार को 10 महीने में भवन तैयार करके हैंडओवर करने की समय-सीमा निर्धारित की। करीब 12 हजार स्क्वेयर फीट जमीन पर बनने वाले भवन का चार महीने में आधार ही तैयार नहीं हुए। ऐसे में पूरा भवन बाकी के छह महीने में बनना संभव नहीं है। इस भवन में 16 कमरे, दो हॉल के साथ किचन, ओपन स्पेश गार्डन, पार्किंग की व्यवस्था रहेंगी। इसका मेंटेनेंस नपा द्वारा किया जाएगा।
रतनदेवी मांगलिक परिसर में निर्माणाधीन शादी घर का तैयार हुआ आधार।