बेटे के बाद पिता की मौत, दोनों की एक साथ निकली अर्थी
मंगलवार रात को नर्मदा स्नान कर लौट रहे बाइक सवार दंपति व बच्चे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में 8 वर्षीय लड़के की घटना स्थल पर मौत हो गई। वहीं पिता की बुधवार को इंदौर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार शाम करीब 6 बजे पिता का शव बड़वाह लाया गया। जहां से दोनों की एक साथ अर्थी निकाली गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार को नेपानगर थाना क्षेत्र के चिड़िया पानी निवासी गणेश पिता शंकर (8), शंकर पिता किशन (36), गीताबाई पति शंकर (36) व दुर्गा पिता सीताराम (36) बाइक से नावघाट स्थित नर्मदा नदी स्नान करने आए थे। स्नान करके बाइक से कदवालिया जा रहे थे। रात करीब 8.30 बजे मनिहार के पास अज्ञात कंटेनर वाहन ने टक्कर मार दी। गणेश की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वही शंकर, गीताबाई, दुर्गा को गंभीर चोट आई थी। शंकर को इंदौर रैफर किया गया था।
गन्ने के रस से किया अभिषेक
बड़वाह | श्री विमलनाथ भगवान जैन मंदिर में अक्षय तृतीया पर प्रभु का गन्ने के रस और दूध, पंचामृत, केशर, सुगंधित द्रव्यों से महाभिषेक किया गया। इसमें इंदू बाफना, अंजू जैन, अभिलाषा सांड, नीता जैन, अमिता कोठारी, महेंद्र सांड, अनुराग जैन, अमित गोलेच्छा, प्राची जैन व अन्य स्थानों से आए श्रावकों ने प्रभु के अभिषेक, पूजन का लाभ लिया। पंडित कमल व्यास ने सभी से अभिषेक, पूजन करवाकर प्रभु की सुंदर अंग रचना की।