नियमित लोन की किस्त चुकाने वाले ग्राहकों का सम्मान
ग्राम सारोला ग्रामीण नर्मदा झाबुआ बैंक में ग्राहक मिलन समारोह व ग्राहक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें ऋण लेने वाले हितग्राहियों द्वारा नियमित रूप से लोन की किस्त चुकाने वाले 5 ग्राहकों का शाल, श्रीफल से सम्मान कर शील्ड दी गई।
शाखा प्रबंधक श्रेयांश दुबे ने बताया मंगलवार को आयोजन सम्मान समारोह में क्षेत्र के ऐसे किसान जिन्हें बैंक द्वारा लोन दिया गया था। उनके द्वारा समय पर ऋण की किस्त बिना रुकावट के अदा की गई है। इसमें महलगुलआरा के संजय पाटील, हिंगना के मधुकर रामकिशन पाटील, उमरदा के धोंडू बलिराम पाटील, सारोला के वासुदेव एकनाथ वागे, सांडस के सुरेश चौकसे हैं। श्रेयांश दुबे ने बताया यह पहला अवसर है जिसमें निम्न वर्ग के लोगों को ऋण देकर उनके द्वारा नियमित रूप से ऋण चुकाया गया है। ऐसे लोगों का बैंक सम्मान करती है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को बैंक और शासन की योजनाओं से भी अवगत कराते हुए कहा वर्तमान में बैंक के करीब 18 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं। उपभोक्ताओं को ऋण चुकाने संबंधी जानकारियों से अवगत कराते हुए प्रेरित किया जा रहा है। जिससे परेशानियों से बचा जा सके और भविष्य में बैंक का भी उन पर विश्वास बना रहे। कार्यक्रम में कैशियर कुवरसिंह, प्रदीप महाजन, डॉ. टीसी चाकरे सहित गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
ग्राहक मिलन और सम्मान समारोह में बैंक और शासन की योजनाओं की दी जानकारी
नियमित ऋण जमा करने वालों का हुआ सम्मान।
पंचायत ने शुरु कराया बोरिंग खनन
नेपानगर | ग्राम सारोला के बहारपुरा में पानी की समस्या को दूर करने के लिए बोरिंग कराया जा रहा है। इससे आधे गांव को पानी दिया जाएगा। सरपंच राहुल महाजन व सचिव अनिल महाजन ने बताया गांव में दो ट्यूबवेल हैं। 3 हजार की आबादी है। जलस्तर गिरने के कारण पेयजल समस्या हो रही है। इसी समस्या के निराकरण के लिए बस स्टैंड परिसर में नया बोरिंग कराया जा रहा है। दोपहर से खुदाई शुरु की गई है। ग्रामीणों ने बताया गर्मी की शुरुआत से लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। खासी परेशानी मजदूर बाहुल्य तबके को हो रही है। पानी भरने के लिए एक किमी दूर खेतों तक जाना पड़ता था। पंचायत द्वारा ट्यूबवेल कराया जा रहा है। इसमें पानी लगने की उम्मीद है।
बस स्टैंड परिसर में कराया बोरिंग।