समय पर ऋण का भुगतान कर विश्वास बनाए रखें
बैंक आपको समय पर धनराशि उपलब्ध कराकर सहयोग देकर आपकी जीविका का साधन बनता है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को ऋण देकर आत्मनिर्भर बनाता है। इसमें आपका भी फर्ज बनता है कि बैंक द्वारा दिए गए ऋण व इसकी मासिक किस्त का समय पर भुगतान करें। जिससे बैंक का आप पर विश्वास हमेशा बना रहे।
मंगलवार शाम नेपानगर के नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक में समय पर किस्त चुकाने वाले उपभोक्ताओं के सम्मान समारोह में शाखा प्रबंधक अमित सोलंकी ने यह बात कही। उपभोक्ता बैंक को और आधुनिक बनाने के लिए नेट बैंकिंग व एटीएम स्थापित करने के सुझाव शाखा प्रबंधक के समक्ष रखे गए। अमित सोलंकी ने भविष्य में जल्द अन्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया।
समारोह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बैंक ऋण की समय पर अदायगी के प्रति जनसामान्य में जागरूकता उत्पन्न करना है। समय पर ऋण चुकाने से बैंक ऋण की अन्य जरूरतों की पूर्ति बाधारहित और तत्परतापूर्वक कर सकता है। साथ ही अन्य जरूरतमंदों को भी ऋण प्रदान कर उन्हें रोजगार के साधन उपलब्ध कराने में मदद करता है। नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक की गिनती देश के प्रमुख ग्रामीण बैंकों में होती है। बैंक को हाल ही के वर्षों में 23 राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हो चुके हैं। शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में बैंक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह कर रहा है। इसके लिए आपको दिए गए ऋण पर नियमित रूप से किस्त चुकाकर राशि का समय पर भुगतान करें। कार्यक्रम में साबीर खान, प्रकाश पगारे, अवतारसिंह चावला, बैंक के कैशियर दीपक दुबे सहित अन्य कर्मचारी व नगरवासी शामिल हुए। समाराेह के दौरान शाखा प्रबंधक ने बैंक में जमा राशि व इस पर मिलने वाली ब्याज दरों से अवगत कराया।
नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक में ग्राहक सम्मान का आयोजन, समय पर ऋण की किस्त देने वालों का शील्ड से किया सम्मान
नर्मदा झाबुआ ग्रामीण बैंक में ग्राहक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।
इनका हुआ सम्मान
शाखा में सीवल के सरदारसिंह मोतेसिंह, नेपानगर के अनिरुद्ध सुने, रविंद्र जाधव, रेखाबाई राजू, सुमित्रा तायड़े काे शील्ड देकर सम्मानित किया गया। अमित सोलंकी ने बताया उपभोक्ताओं को बैंक की ओर से स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 2016 में लोन दिया गया था। इसी साल ही नगर में शाखा खोली गई थी। अब तक 2 हजार उपभोक्ताओं ने जुड़कर विश्वास हम पर जताया है। 1500 बचत खाते और लोन के 500 उपभोक्ता शामिल हैं।