नेपा ऑडिटोरियम में नेपा मिल्स पेंशनर्स समिति ने ली बैठक
भास्कर संवाददाता | नेपानगर
नेपा आॅडिटोरियम में नेपा मिल पेंशनर्स समिति द्वारा बैठक ली गई। बैठक में नेपा मिल के ईपीएस-95 पेंशन योजना के सभी सदस्यों को भारत सरकार द्वारा घोषित बढ़ी हुई पेंशन दिलाने सहित अन्य जानकारियों से अवगत कराया। जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान सर्व सहमति से निर्णय लिया कि बढ़ी हुई पेंशन प्राप्त करने में आ रही परेशानियों के लिए समिति सर्वोच्च न्यायालय में याचिका लगाएंगे। जिससे सभी वर्गों को इसका लाभ दिया जा सके।
शुक्रवार शाम 7 बजे हुई बैठक में समिति के अध्यक्ष महेंद्र केसरी, सचिव विजय कुमार शाह ने बताया समिति में संस्था के 632 स्वैच्छिक सदस्य बन चुके हैं और आगे भी बड़ी संख्या में सदस्य बनने की उम्मीद है। संस्था ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। दिलीपसिंह गौर और विजय शाह इंदौर ने भविष्य निधि के कानूनविदों से मुलाकात में हुई चर्चा से अफसर, कर्मचारियों को अवगत कराया। श्री सिंह ने बताया ईपीएस के नियमानुसार नेपा मिल के सभी कर्मचारियों को बढ़ी हुई पेंशन दिलाने के लिए पीएफ कमिश्नर इंदौर, श्रम एवं कल्याण आयुक्त, श्रम एवं कल्याण मंत्रालय भारत सरकार सहित नेपा लिमिटेड को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया है। इसके साथ ही दिल्ली की संस्था ईपीएफ 95 सेवा ग्रुप के सहलाकार प्रवीण कोहली और रीजनल सेवा निवृत्त पीएफ कमिश्नर आरएन भैरव से सतत संपर्क बनाए हुए हैं। बैठक में नेपा लिमिटेड से सेवा निवृत्त व समिति के उपाध्यक्ष एएन देशमुख ने सदस्यों को ईपीएस-95 के बारे में जानकारी देते हुए इसकी प्रक्रिया से अवगत कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने भी अपने प्रश्नों के उत्तर जाने। इस अवसर पर समिति के सहसचिव केपी किन्हिकर, कोषाध्यक्ष प्रभुलाल जायसवाल, मनोज चौकसे सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे। समिति सदस्यों ने अन्य कर्मचारियों को सदस्यता ग्रहण करने के लिए 20 मई से जुड़ने की बात कही है।