जम्मू-कश्मीर: रमजान में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन आॅलआउट पर रोक
आतंकी हमलों की सूरत में सुरक्षा बलों को किसी भी कार्रवाई की छूट
भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती की मांग मानकर केंद्र सरकार ने रमजान के दौरान राज्य में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। गृह मंत्रालय ने बुधवार को सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि रमजान में कोई नया ऑपरेशन शुरू ना किया जाए। हालांकि, घाटी के लोगों की सुरक्षा और खुद पर हुए हमलों का जवाब देने के लिए सुरक्षा बलों को कोई भी कार्रवाई करने की छूट रहेगी। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि शांतिप्रिय मुस्लिमों को रमजान के दौरान शांत माहौल देने के लिए यह फैसला लिया है। रमजान शुक्रवार से शुरू हो रहा है।
मोदी के दौरे से पहले घुसपैठ की चौथी कोशिश नाकाम| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जम्मू-कश्मीर यात्रा से पहले सीमा सुरक्षा बल ने बड़ी आतंकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी है। बुधवार को सांबा जिले की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की। बीएसएफ ने इस इलाके में चार में दिन में घुसपैठ की चौथी कोशिश को नाकाम किया है।