कॉन्स्टेबल ने दोस्त के साथ मिलकर युवक से पैसा और मोबाइल लूटकर भगा दिया
नई दिल्ली | शाहदरा जिले में तैनात कॉन्स्टेबल मो. इदरीस को लूट और अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया है। उस पर युवक तस्लीम (29) को बंधक बनाकर पिटाई करने और पैसे-मोबाइल लूटने का आरोप है। गिरफ्तार करने के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया गया। फिलहाल गाजीपुर थाना पुलिस आरोपी के साथी की तलाश कर रही है, जिसके साथ मिलकर वह वारदात को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, खोड़ा कॉलोनी निवासी पीड़ित तस्लीम निजी कंपनी में नौकरी करता है। मंगलवार शाम वह घर जा रहा था। इसी दौरान इदरीस अपने दोस्त के साथ बाइक पर सिविल ड्रेस में घूम रहा था। दोनों ने मिलकर पीड़ित को बंधक बना लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की और पैसे-मोबाइल छीनकर उसे भगा दिया।