बाइक सवार बदमाशों ने पार्क में शनिवार को मॉर्निंग वॉक कर रहे एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मुकेश चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामला बेगमपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस मामले को आपसी रंजिश मान रही है। पुलिस प्रॉपर्टी डीलर के परिवार वालों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
बेगमपुर में शनिवार सुबह बाइक सवारों का हमला
लोगों ने पेड़ के पीछे छिपकर बचाई जान
मुकेश चौहान बेगमपुर में रहता था। वह प्रॉपर्टी डीलर था। शनिवार सुबह छह बजे वह अकेला पार्क में मॉर्निंग वॉक कर रहा था। तभी दो बाइक पर सवार चार बदमाश आए और गोली चलाने लगे। पहली गोली लगने के बाद मुकेश भागा। बदमाशों ने उसे दौड़ाकर दो से तीन गोली मारी। मौके पर मौजूद लोगों ने पेड़ आदि के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। बदमाशों ने मुकेश को काफी पास से गोलियां मारी थीं।
कारोबारी को गोली मारकर बैग में रखे लाखों रुपए लूटे, वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद
नई दिल्ली| बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक कारोबारी को गोली मारकर बैग में रखे लाखों रुपए लूट लिए। इसके बाद आरोपी हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की पहचान श्याम सुंदर गोयल के रूप में हुई है। मामला उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके का है। घायल काे अस्पताल ले जाया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।