धर्मेंद्र डागर | नई दिल्ली dharmendra.dagar@dbcorp.in
लोगों की समस्याओं को सुलझाने और उन्हें सुरक्षा देने में दिल्ली पुलिस का व्यवहार कितना गैरजिम्मेदाराना है, इसका उदाहरण हाल ही में सामने आया है। असम से दिल्ली आए एयरफोर्स के अधिकारी के साथ हुई मारपीट और लूटपाट की शिकायत दर्ज करने में पुलिस ने नौ दिन लगा दिए। पीड़ित का आरोप है कि मॉडल टाउन पुलिस ने कहा कि शिकायत कश्मीरी गेट थाना पुलिस दर्ज करेगी। इसके बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने भी कह दिया कि वारदात मॉडल टाउन में हुई है, वहीं शिकायत दर्ज होगी। इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस की कार्यशैली और शिकायत दर्ज न होने को लेकर सवाल उठाए और कहा कि आम आदमी का क्या होगा होगा।
12 दिन की छुट्टी लेकर असम से आए थे, आईएसबीटी से टैक्सी पर बैठे, तभी शिकार बने
टैक्सी में थे बदमाश
52 वर्षीय देवेंद्र कुमार शर्मा एयरफोर्स स्टेशन तेजपुर, असम में तैनात हैं। वह 8 मई को 12 दिनों की छुट्टी पर दिल्ली आए थे। एयरपोर्ट से आईएसबीटी रात करीब 12.50 बजे पहुंचे। यहां साहिबाबाद स्थित अपने घर जाने के लिए वह बस का इंतजार कर रहे थे। तभी एक टैक्सी आई और वे उसमें बैठ गए। इसके बाद टैक्सी में बैठे बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट और मारपीट की।