तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक किशोर की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सुश्रुत ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया, घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान 16 वर्षीय अायुष पांडेय के रूप में हुई है। मामला उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र का है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें पुश्ता रोड से नीचे 18 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
घायल बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस को घटनास्थल से कोई हेलमेट भी नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक अायुष पांडेय अपने परिवार के साथ उत्तरांचल काॅलोनी, संतनगर बुराड़ी में रहते थे। परिवार में पिता विजय पांडेय व अन्य सदस्य हैं। आयुष सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। इसके पिता टैक्सी चालक हैं। शुक्रवार रात को अायुष अपने दोस्त हरदीप के साथ स्पलेंडर बाइक से पुश्ता रोड पर जा रहा था। इस बीच पल्सर बाइक सवार आयुष, सुमित व दीपक भी वहां से गुजर रहे थे। दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी। सिंगल कैरिज वे रोड पर दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे के बाद लड़के नीचे गिर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां अरुण को मृत घोषित कर दिया गया। घायल सभी लड़कों के सिर में चोट लगी है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।