आशु मिश्रा | नई दिल्ली ashu.mishra@dbcorp.in
जीबी पंत अस्पताल दिल्ली सरकार का सबसे बड़ा सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल है। यहां मरीजों को न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी व गेस्ट्रोलॉजी जैसे सुविधाएं दी जाती हैं। लेकिन मरीजों की खून की कई बड़ी जांचें यहां नहीं हो पा रही हैं। तीमारदार मरीज की जांच बाहर से करवा रहे हैं खर्च 3000 रु. से लेकर 5000 रु. तक उठाना पड़ रहा है। ऐसा ही हाल एलएनजेपी अस्पताल का भी है। यहां जेनेटिक लैब में किट और केमिकल्स नहीं होने से मरीज जांच करवाने के लिए मोटी रकम चुका रहे हैं। मरीजों का आरोप है कि जब वह जांच के लिए जाते हैं तो कागज पर नो किट कहकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है।
एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पताल में मरीजों की नहीं हो रहीं खून की बड़ी जांच, बाहर से जांच कराने में खर्च हो रहे तीन से पांच हजार रु.
रोज सौ से ज्यादा मरीज बिना इलाज लौट रहे हैं, कागज पर \\\"नो किट’ लिखकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है
नहीं हो पा रहे ये टेस्ट
हेपेटाइटिस लिवर सिरोसिस| टेस्ट लिवर की बीमारी के लिए किया जाता है। बाजार में कीमत 5000 से 10000 तक है। जीबी पंत में टेस्ट शुरू ही नहीं हो पाया। मरीजों को इस टेस्ट के लिए किसी दूसरे डायग्नोस्टिक सेंटर में भेजा जाता है।
विटामिन बी12| जीबी पंत में यह टेस्ट भी पिछले कई महीनों से नहीं हो रहा है। यह टेस्ट भी बाजार में 1500 से 2000 का है।
ग्रेज मालन्यूट्रिशन स्क्रीनिंग| यह टेस्ट जेनेटिक लैब में और केवल एलएनजेपी अस्पताल में किया जाता है। इसकी कीमत बाजार में 1000 से 2000 रुपए है।
एस लैक्टेट टेस्ट| एलएनजेपी अस्पताल के जेनेटिक लैब में यह टेस्ट नहीं किया जा रहा है। बाजार में यह टेस्ट 3000 से 5000 रु. में होता है।
ट्रैप्ड न्यूरोफिल सिन्ड्रोम| यह एक प्रकार का डीएनए टेस्ट है। इसे करने से मरीज के इम्यून सिस्टम के विषय में जानकारी होती है। कीमत 1500 से 2000 रुपए है।
रोजाना मरीज लौटते हैं वापस
पंत अस्पताल के डॉक्टर ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि टेस्ट नहीं होने से रोजाना 100 से अधिक मरीजों को वापस लौटना पड़ रहा है।
ब्लड टेस्ट करवाने की दिक्कतें
एलएनजेपी और जीबी पंत के अलावा आए दिन आउटर दिल्ली के ज्यादातर अस्पतालों में मरीजों को नॉर्मल हीमोग्लोबिन टेस्ट, थाइरॉइड टेस्ट से लेकर हेपेटाइटिस ए, बी और सी टेस्ट तक करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसमें महर्षि वाल्मिकी, राव तुला राम, लोक बंधु, जग प्रवेश चंद्र जैसे अस्पताल प्रमुख रूप से शामिल हैं।
टेस्ट की नहीं है जानकारी
सरकार में हमारे पास ही इकलौती जेनेटिक लैब है जहां बहुत ही रेयर डिजीज के टेस्ट होते हैं। ये टेस्ट महंगे होते हैं और हम वह कर रहे हैं। कुछ टेस्ट यदि किट की कमी की वजह से नहीं हो रहे हैं तो मैं इस पर फिलहाल कुछ नहीं कहूंगा क्योंकि मुझे इसकी जानकारी नहीं है। - डॉ. जेसी पासी, एमएस, एलएनजेपी
दिल्ली सरकार से होगी शिकायत
मेरा भतीजा जीबी पंत अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज करवा रहा हूं। अब तक 15 हजार रु. से अधिक के टेस्ट बाहर से करवा चुका हूं। यह टेस्ट ना तो एलएनजेपी में हुए हैं अब तक ना ही जीबी पंत में। अब इसकी शिकायत मैं दिल्ली सरकार के आला अधिकारियों और स्वास्थ्य मंत्री से करूंगा।
- संजीव जैन, समाजसेवी, शास्त्री पार्क